पुष्य नक्षत्र के अवसर पर सोने की बंपर खरीदारी के मद्देनजर सर्राफा बाजार सज गए हैं। आज बुलंदशहर एवं खुर्जा डाकघर सोने की खरीद पर 6.5 फीसदी की छूट देगा। डाकघर के आफर की देखादेखी कई ज्वैलरी शो-रूम ने भी डिस्काउंट एवं गिफ्ट आफर दिया गया है।
पुष्य नक्षत्र आज है। कहा जाता है यह समस्त 27 नक्षत्रों का राजा माना जाता है। यह सोना व चांदी की खरीदारी व निवेश के लिए बेहद शुभ दिन माना जाता है। हिंदू मान्यता के अनुसार ब्रह्मांड में तीन तारों से मिलकर पुष्य नक्षत्र बनता है। इस दिन खरीदारी की गई सामग्री कभी नष्ट नहीं होती है। डाक विभाग आज सोने पर 6.5 प्रतिशत छूट देने का निर्णय लिया है। बुलंदशहर नगर के प्रधान डाकघर एवं खुर्जा डाकघर में यह सुविधा रहेगी।
पोस्ट मास्टर प्रधान डाकघर बुलंदशहर मनवीर सिंह ने बताया कि डाकघर में 0.5 ग्राम, एक ग्राम, पांच ग्राम, आठ ग्राम, 10 ग्राम, 20 ग्राम एवं पचास ग्राम के सोने के सिक्के उपलब्ध कराए गए हैं।
पोस्ट आफिस की देखादेखी ज्वैलरी शो-रूमों में आफर को लेकर होड़ मच गई है। गुरुवार को सर्राफा बाजार में शुक्रवार के लिए विशेष तैयारी देखी गई। कई ज्वैलर्स ने बताया कि च्वाइस के लिहाज से सोने के सिक्के एवं आधुनिक गहने के रैंज उपब्लध करायेंगे।