ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

बिहार के लोगों ने बदली दिल्ली की तस्वीर: शीला

मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने रविवार को दिल्ली में रह रहे बिहार के लोगों व मैथिली भाषा की जमकर तारीफ की। शीला ने चाणक्य व सम्राट अशोक का जिक्र करते हुए कहा कि बिहार का अर्थशास्त्र व राजनीति में विशेष स्थान है। वहां इतने ऐतिहासिक विरासत हैं कि यदि सहेजकर उनका विस्तार किया जाए तो बिहार ही नहीं, हिंदुस्तान की भी तस्वीर बदल सकती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली को संवारने में बिहार व मैथिली भाषी लोगों का विशेष योगदान है। वह कांस्टीट्यूशन क्लब मिथिला विभूति सम्मान समारोह को संबोधित कर रही थीं। समारोह का आयोजन अखिल भारतीय मिथिला संघ ने किया। शीला ने कहा कि मैथिली भाषा मिठास, संगीत व ज्ञान की भाषा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अखिल भारतीय मिथिला संघ की ओर से रंगमंच के क्षेत्र में विशेष योगदान देने के लिए प्रेम लता मिश्रा, श्रीराम झा [खेल], डॉ. राज्यवर्धन आजाद [चिकित्सा], अनिल कुमार शर्मा [उद्योग जगत], कुमुद झा [संगीत], महेंद्र मलंगिया [रंगमंच], अनिल चौधरी [चिकित्सा], रवींद्र नाथ ठाकुर सहित कुल 19 लोगों को मिथिला विभूति सम्मान से सम्मानित किया। इसमें पांच नवनिर्वाचित पार्षद सुनील झा, राम दयाल महतो, तिलोत्तमा चौधरी, विमला देवी व कल्पना झा भी शामिल हैं। इस अवसर पर सांसद महाबल मिश्रा, सांसद डॉ. प्रभात झा, विधायक एससीएल गुप्ता, पूनम आजाद, संजीव मिश्र, संस्था के महासचिव विजय चंद्र झा सहित अनेक लोग मौजूद थे।