ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

उचित मूल्य नहीं मिलने से मक्का किसान परेशान

नवगछिया के मक्का किसानों की हालत इस साल काफी खास्ता लग रही है। अधिक लागत के बाद भी मक्के का उचित मूल्य नहीं मिलने से किसानों की स्थिति दयनीय नजर आ रही है। गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष मक्का किसानों को फसल लगाने में काफी अधिक लागत आई थी। किसानों ने अधिक लागत के बाद भी अच्छी पैदावार एवं अच्छा मूल्य रहने की उम्मीद पर खेती की, लेकिन फसल कटाई के बाद जो मूल्य किसानों को मिल रहा है, उससे किसानों के माथे पर बल पड़ गए हैं। गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष मक्का किसानों को खाद, बीज, मजदूरी एवं पटवन में अधिक राशि का वहन करना पड़ा है। बावजूद गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष मक्का का मूल्य कम है।
इस संबंध में साहू परवत्ता के किसान नीरज साहू सहित कई किसानों ने बताया कि किसान दोहरी मार झेल रहे हैं। एक ओर कृषि कार्य में लागत अधिक आई तो दूसरी ओर किसानों को फसल का सही मूल्य नहीं मिल पा रहा है। अभी क्षेत्र में साढ़े आठ सौ रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से मक्का बिक रहा है। किसानों ने सरकार से मक्का का मूल्य निर्धारित करने की मांग की है।साथ ही इसके भंडारण की व्यवस्था किये जाने की भी मांग की है।