बिहार के सीतामढ़ी जिले के बैरगनिया थाना क्षेत्र में एक छात्रा के साथ छेडखानी को लेकर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवानों के साथ हुई झड़प में शनिवार को एक ग्रामीण की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि एक दर्जन अन्य ग्रामीण घायल हो गए।
एसपी विवेक कुमार ने बताया कि बैरगनिया से पढ़ाई कर नंदवा गांव जा रही एक लडकी से एसएसबी के एक जवान द्वारा शुक्रवार को छेड़खानी किए जाने पर स्थानीय लोगों ने हंगामा किया था।
हालांकि, स्थानीय पुलिस ने हस्तक्षेप कर लोगों को शांत करवा दिया था। घटना के विरोध में आज स्थानीय ग्रामीणों द्वारा बैरगनिया बंद का आह्वान किया गया था। बंद के दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने एसएसबी कैंप जाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिस पर वहां कैंप के बाहर बने एक टेंट में पहरा दे रहे एक जवान ने गोली चला दी।
जवान द्वारा गोली चलाये जाने पर लोगों ने पथराव शुरू कर दिया और लोगों के बढ़ते आक्रोश को देखकर टेंट में पहरा दे रहा जवान को आत्मरक्षार्थ भागकर कैंप में शरण लेनी पडी। बाद में एसएसबी जवानों द्वारा की गयी गोलीबारी में नीरज पासवान नामक एक ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन अन्य ग्रामीण घायल हो गए।