मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि आज पूरे बिहार में भाईचारे का माहौल है। पांच वर्षो में हमने पुलों का निर्माण कर गांवों के साथ-साथ समाज को जोड़ने का प्रयास किया, जो काफी हद तक सफल भी रहा। शासन व्यवस्था पटरी पर लौटी है। विकास का माहौल बना है।अगले पांच साल में घर-घर बिजली पहुंचाने का काम होगा। अगर, आपका साथ मिला तो 2015 तक बिहार विकसित राज्य बनेगा। उन्होंने कहा कि इस बार सूबे की सरकार गरीबों को कम कीमत पर अनाज अथवा राशि उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि मैं, आपके दरबार में हाजिरी दर्ज कराने आया हूं। पांच वर्ष पहले जो दायित्व आपने सौंपा, हमने उसे पूरा करके दिखाया है, जिसे बिहार के अलावा दूसरे राज्य के लोग भी महसूस कर रहे हैं। पांच वर्ष पहले बिहार अपहरण व नरसंहार के लिए देश- विदेश में जाना जाता था, लेकिन अब स्थिति बदली है। महिलाओं को आरक्षण तथा छात्राओं को साइकिल आदि देने की योजना को अब अन्य राज्य भी लागू कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आपने कांग्रेस को 40 साल तथा पति-पत्नी की सरकार को 15 साल का समय दिया। मेरे कार्यकाल में हुआ काम इससे कतई कम नहीं है, इसलिए एक बार फिर भाजपा-जदयू प्रत्याशी को वोट देकर विजयी बनाएं।