नवगछिया में सिने स्टार साह भाजपा नेता शत्रुघ्न सिन्हा ने अपने चिरपरिचित अंदाज में कहा कि पांच वर्ष पहले बिहार की पहचान बीमार प्रदेश के रूप में थी । यहां की गरीबी, बेरोजगारी, बिगड़ती कानून व्यवस्था, राजनीतिक का अपराधीकरण इस प्रदेश को बीमार बना दिया था। लेकिन इस बिमार प्रदेश को जदयू-भाजपा गठबंधन वाली सरकार ने ही विकास के रास्ते पर लाया। शत्रुघ्न सिन्हा बिहपुर विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी ई0 कुमार शैलेन्द्र के समर्थन में गुरुवार को लत्तीपुर सत्यदेव महाविद्यालय के मैदान में चुनावी सभा को सबोधित कर रहे थे। उन्होंने अपने अंदाज में कहा कि मैं जनता हूं पिछले पांच वर्ष में बहुत कुछ हुआ है और बहुत कुछ होना बाकी है। जब हमारी सरकार के विकास की गाड़ी तेज थी तो बीच में ही चुनाव के रूप में रुकावट के लिए खेद आ गया। ऐसी स्थिति में अगर आप ड्राइवर बदलेंगे तो गाड़ी रुकेगी, पलटेगी या उलट जाएगी और इसका खामियाजा आपके परिवार और पूरे बिहार को भुगतना पड़ेगा। उन्होने कहा कि कांग्रेस कहती है कि बिहार में केन्द्र के पैसे से विकास हुआ है। लेकिन मैं पूछता हूं आज से पांच वर्ष पहले तक जब बिहार से लेकर केन्द्र की सरकार थी तो यहां इतनी बदहाली क्यों थी विकास क्यों नहीं होता था। श्री सिंहा ने राजद सुप्रीमों लालू यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वे कहते है कि निर्णायक घड़ी यानी मतगणना के दिन ईवीएम से जीनवा निकली, लेकिन नहीं इस बार न जिन निकली न भूत! उस दिन क्षेत्र का बिहार का भाग्योदय होगा। उन्होंने कहा कि मैं सितारों की चमक दमक और अपना व्यापार छोड़ कर अपनी मिट्टी का कर्ज चुकाने आपके बीच आया हूं तो आप में तो हमसे ज्यादा जोश है, जुनून, शक्ति, भक्ति है। बिहार के नवनिर्माण एवं चुनाव बनाम चुनौती की घड़ी में सही फैसला लें। एक अच्छे व्यक्ति ई। कुमार शैलेन्द्र को बहुमत से विजयी बनाकर प्रदेश और देश को सही दिशा दें। बिहारी बाबू अपने संबोधन की शुरुआत में बहुत जान है बिहपुर में और अन्त में खामोश कहना नहीं भूलें। मौके पर भाजपा प्रत्याशी ई. शैलेन्द्र ने अपने संबोधन में लोगों से सहयोग, सहारा, समर्थन व आर्शीवाद मांगा।