ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

ढोलबज्जा एडिशनल पीएचसी जल्द बनेगा सीएचसी, सिविल सर्जन ने भेजा प्रस्ताव

ढोलबज्जा एडिशनल पीएचसी जल्द बनेगा सीएचसी, सिविल सर्जन ने भेजा प्रस्ताव
नवगछिया। भागलपुर जिला अंतर्गत नवगछिया प्रखंड के ढोलबज्जा स्थित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अपग्रेड करने की प्रक्रिया अब तेज होती दिख रही है। मुख्यमंत्री स्तर से संज्ञान लिए जाने के बाद भागलपुर के सिविल सर्जन डॉ. अशोक प्रसाद ने बिहार राज्य स्वास्थ्य समिति को इस संबंध में प्रस्ताव भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री सचिवालय द्वारा स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद विभागीय स्तर पर पहल शुरू हुई और अब स्थानीय प्रशासन की ओर से भी औपचारिक प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही इस प्रस्ताव को स्वीकृति मिल सकती है।
ढोलबज्जा निवासी जदयू अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव प्रशांत भवेश कुमार कन्हैया ने ढोलबज्जा एपीएचसी को सीएचसी में उत्क्रमित करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र भेजा था, जिस पर सरकार ने संज्ञान लिया गया है।
गौरतलब है कि नवगछिया का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र वर्तमान में अनुमंडलीय अस्पताल परिसर में संचालित हो रहा है, जिससे उसकी स्वतंत्र पहचान लगभग समाप्त हो गई है और अनुमंडलीय अस्पताल पर अतिरिक्त दबाव बना हुआ है। ऐसे में स्वास्थ्य सेवाओं के बेहतर संचालन के लिए ढोलबज्जा को सीएचसी में अपग्रेड करना आवश्यक माना जा रहा है।
ढोलबज्जा और आसपास के करीब 12 पंचायतों की तीन लाख से अधिक आबादी आज भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित है। यह क्षेत्र भागलपुर, पूर्णिया और मधेपुरा जिलों की सीमा पर स्थित है, जहां से राज्य राजमार्ग-58 गुजरता है। लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के बावजूद आसपास कोई उन्नत स्वास्थ्य केंद्र नहीं होने से गंभीर मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता।
ज्ञात हो कि ढोलबज्जा एपीएचसी परिसर में पर्याप्त जमीन उपलब्ध है और सड़क संपर्क भी बेहतर है, जिससे यहां सीएचसी की स्थापना व्यावहारिक रूप से संभव है। यदि यह अपग्रेडेशन होता है, तो कोसी पार क्षेत्र सहित सीमावर्ती जिलों के लाखों लोगों को सुलभ और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। मुख्यमंत्री सचिवालय के हस्तक्षेप के बाद क्षेत्र में उम्मीद जगी है कि जल्द ही इस दिशा में ठोस निर्णय लिया जा सकता है।