इस्माईलपुर पीएचसी प्रभारी पद से हटाए गए डॉ. राकेश रंजन, नवगछिया के डॉ. बुचकुन दास को अतिरिक्त प्रभार
नवगछिया (भागलपुर) | जिला परिषद अध्यक्ष विपीन कुमार मंडल की शिकायत पर इस्माईलपुर पीएचसी में महिला कर्मी से दुर्व्यवहार और सरकारी संपत्ति के गबन मामले में संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई की है। सीएस ने आदेश जारी कर पीएचसी इस्माईलपुर के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राकेश रंजन को उनके पद से मुक्त कर दिया है। डॉ. राकेश को तत्काल प्रभाव से सीएचसी गोपालपुर में प्रतिनियुक्त किया गया है। उनकी जगह नवगछिया पीएचसी के प्रभारी डॉ. बुचकुन दास को इस्माईलपुर पीएचसी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
बताते चलें कि जिला परिषद अध्यक्ष विपीन कुमार मंडल ने 28 मार्च को सीएस को पत्र लिखकर डॉ. राकेश रंजन के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए थे। उन्हें स्थानांतरित कर जांच की मांग की थी। पत्र के आलोक में सीएस ने तीन सदस्यीय जांच टीम बनाई थी। टीम में डॉ. दीनानाथ, डॉ. धनंजय कुमार और विकास कुमार शामिल हैं। टीम को एक सप्ताह के भीतर स्थलीय जांच कर रिपोर्ट सौंपना है।