नवगछिया में आज निकलेगी रामनवमी पर शोभायात्रा, पहुंचेगी पंचमुखी बालाजी धाम नवादा
राजेश कानोड़िया, नवगछिया। राम नवमी के मौके पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल नौगछिया द्वारा भव्य शोभायात्रा सात अप्रैल की सुबह 8 बजे से निकलना तय है। यह निशान शोभायात्रा गोपाल गौशाला, नया टोला, तेतरी, तुलसीपुर, रंगरा, मनियामोर, कोरचक्का एवम विभिन्न स्थानों से निकलकर स्टेशन गोलंबर होते हुए पंचमुखी बालाजी धाम नवादा पहुंचेगी। जानकारी के अनुसार इस शोभायात्रा को खास बनाने के लिए ढोल नगाड़े के साथ बजरंगबली, महादेव पार्वती जी, अघोरी तांडव और भूत प्रेत की झांकी निकाली जायेगी। इस शोभायात्रा में काफी संख्या में महिलाएं, पुरुष, बच्चे और बच्चियां भी शामिल होंगी। शोभायात्रा में शामिल लोगों का जगह जगह जल सेवा, शरबत सेवा और पुष्प वर्षा से स्वागत किया जायेगा। यह शोभायात्रा पंचमुखी बालाजी धाम नवादा पहुंचने पर संपन्न हो जाएगी।
इधर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन भी इस शोभायात्रा को लेकर काफी सतर्क है। जगह जगह दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की पुलिस बल के साथ प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक ने कड़ी निगरानी रखने का निर्देश सभी पुलिस अधिकारी को दिया है।