ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

कोसी शिक्षक चुनाव 31 को, प्रचार अभियान चरम पर, पदाधिकारियों की हुई तैनाती

कोसी शिक्षक चुनाव 31 को, प्रचार अभियान चरम पर, पदाधिकारियों की हुई तैनाती
नव-बिहार समाचार, भागलपुर। बिहार विधान परिषद के कोसी शिक्षक निर्वाचन का मतदान 31 मार्च को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होना है। इसे लेकर भागलपुर जिले में 17 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जिनमें सभी 16 प्रखंड कार्यालय एवं नगर निगम कार्यालय शामिल हैं। सभी जगह पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। साथ ही जिले को 6 जोन में बांटा गया है। इसके लिए जिला नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया जा चुका है। मतदान में बाधा उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध अविलंब कार्रवाई भी की जाएगी। मतदान संपन्न होने पर सभी मतदान पेटीयों को पूर्णिया जिले के मरंगा स्थित खेल भवन में बनाए गए वज्रगृह में जमा कराया जाएगा।

इधर इस शिक्षक निर्वाचन को लेकर चुनाव प्रचार अभियान भी अपने चरम पर है। जहां पूरे क्षेत्र में सात प्रत्याशी मैदान में डटे हैं। इसी प्रचार अभियान के तहत निवर्तमान विधान पार्षद डॉ संजीव कुमार सिंह के पक्ष में प्रचार करने के दौरान नवगछिया स्थित बनारसी लाल सराफ कॉमर्स कॉलेज में पहुंचे भागलपुर विश्वविद्यालय के प्रो डॉ अशोक ठाकुर और कॉलेज के सचिव डॉ मृत्युंजय सिंह गंगा ने कॉलेज के सभी शिक्षकों को जानकारी देते हुए बताया कि इस बार के चुनाव में संजीव नाम के 3 प्रत्याशी मैदान में हैं। जिनमें से एक संजीव कुमार हैं तो दूसरे संजीव कुमार सिंह हैं और तीसरे संजीव कुमार झा है। अपने सभी लोगों को क्रम संख्या दो पर स्थित संजीव कुमार सिंह को मतदान करना है। इसके बारे में कोई गलती ना हो, मतदान साफ और स्पष्ट हो, इसकी जानकारी भी दी गई। साथ ही बताया गया कि अगर किन्ही मतदाता को दिक्कत या परेशानी हो तो उन्हें भी शांति पूर्वक तरीके से मतदान करने में सहयोग अवश्य करें।