ओवरलोड वाहनों के परिचालन पर लगे रोक, वायु और ध्वनि प्रदूषण से पीड़ित ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
भागलपुर जिला अंतर्गत कहलगांव के घोघा इलाके से दर्जनों ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री, पथ निर्माण मंत्री, परिवहन मंत्री, जिलाधिकारी, डीआइजी, एसएसपी, एसडीओ, एसडीपीओ को संयुक्त हस्ताक्षरित एक आवेदन देकर जर्जर एनएच 80 पर खुलेआम हो रहा ओवर लोडेड ट्रकों एवं हाइवा के परिचालन पर रोक लगाने की गुहार लगाई है। ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन में बताया गया है कि ओवर लोडेड वाहनों के परिचालन पर रोक रहने एवं मिर्जाचौकी में बैरियर रहने के बाद भी ओवर लोडेड ट्रकों एवं हाइवा का परिचालन हो रहा है। इस काम में पासिंग गिरोह सक्रिय है। मिर्जाचौकी में ही बैरियर पर पासिंग गिरोह पैसे लेकर टोकन चालक को थमा देता है। बैरियर पर प्रशासन की मिलीभगत से ओवरलोड वाहनों को पास कराया जा रहा है। ओवरलोड ट्रकों के परिचालन से जर्जर एनएच 80 पर आंधी की तरह धूल उड़ती है। इससे एनएच के किनारे रहने वाले धूल, वायु, ध्वनि प्रदूषण के शिकार हो रहे हैं। लोग सड़क पर पैदल और दो पहिया वाहन से चल नहीं पा रहे हैं। धूल से चेहरा बदसूरत हो जा रहा है। धूल उड़ने के चलते वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। जर्जर एनएच 80 पर ओवरलोड वाहन चलने से रास्ते में वाहन खराब भी हो रहे हैं और जाम भी लग रहा है।