दो बच्चों सहित महिला ने खाया कीटनाशक, गंभीर हालत में मायागंज किया गया रेफर
कहलगांव पुलिस अनुमंडल अंतर्गत सनोखर थाना क्षेत्र के घुआबै गांव की एक महिला ने पारिवारिक विवाद से तंग आकर सल्फास की गोली खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। साथ ही महिला ने अपने दो मासूम बच्चों को भी जहर खिला दिया है। इसकी जानकारी होते ही परिजनों ने आनन- फानन में तीनों को अनुमंडल अस्पताल कहलगांव में भर्ती कराया। वहां से तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद चिंताजनक हालत में भागलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल मायागंज रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार तीनों की हालत चिंताजनक है।
इधर अस्पताल प्रशासन द्वारा मामले की जानकारी सनोखर पुलिस को दे दी गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। बहरहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला ने आखिर दोनों बच्चों के साथ खुद क्यों जहर खाया। पुलिस का कहना है कि परिजनों के अलावा आसपास के लोगों से घटना की जानकारी ली जा रही है। घटना के पीछे जो लोग दोषी होंगे, कार्रवाई की जाएगी।