विश्वविद्यालय के पोर्टल पर नामांकन शुल्क जमा नहीं होने से छात्र हो रहे हैं परेशान
तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय में स्नातक सत्र 2021-24 पार्ट वन में छात्रों का नामांकन शुल्क जमा नहीं हो सका है। एजेंसी को बकाया भुगतान को लेकर कोई निर्णय नहीं हो सका है। संबंधित फाइल नहीं मिल रही है। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पेमेंट ऑप्शन बंद होने से विश्वविद्यालय भी पहुंचे थे। छात्रों को जवाब देने से बचने के लिए संबंधित अधिकारी अपने कार्यालय में नहीं बैठे थे। विश्वविद्यालय में चौथे चरण की नामांकन प्रक्रिया चल रही है। ऑनस्पॉट आवेदनों के अनुसार 11784 छात्रों को नामांकन के लिए चयन किया गया था। पांच हजार से अधिक छात्रों ने नामांकन शुल्क ऑनलाइन जमा कराया है। शेष छात्र नामांकन शुल्क जमा नहीं होने से परेशानी हो रहे हैं।
वहीं ऑनलाइन नामांकन प्रक्रिया करने वाली एजेंसी के प्रतिनिधि रोहित कुमार ने कहा कि बिना बकाया भुगतान के आगे की प्रक्रिया शुरू नहीं की जायेगी। विवि प्रशासन पहले बकाया भुगतान करे। एजेंसी ने बकाया भुगतान की मांग को लेकर सोमवार से नामांकन संबंधित सारा कार्य विश्वविद्यालय में ठप कर दिया है।