अनुमंडलीय अस्पताल का एम्बुलेंस अब भी है कोरोना अभियान में? दवा की किल्लत, जांच भी प्रभावित
भागलपुर। जिले के नवगछिया स्थित अनुमंडल अस्पताल में दो एंबुलेंस है। जिसमें से एक को अब भी कोरोना अभियान में लगा बताया जा रहा है। जबकि कोरोना संक्रमण की स्थिति पर काफी काबू हो चुका है। देश भर में अधिकांश हालात भी सामान्य हो चुके हैं। इधर नवगछिया में भी कोरोना संक्रमण के हालात पूरी तरह से सामान्य ही हैं। अनुमंडल में आये दिन सड़क दुर्घटनाओं के शिकार लोगों की जीवन रक्षा एवं बेहतर इलाज के लिए उन्हें भागलपुर रेफर किया जाता है। इसके बावजूद जरूरतमंद अन्य मरीजों को नजरअंदाज कर महत्वपूर्ण वाहन को कोरोना अभियान में लगा बता कर उपयुक्त सुविधा से वंचित रखा जा रहा है। स्थानीय लोगों ने इसे अमानवीय व्यवस्था बताया है। अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ अरुण कुमार सिन्हा के अनुसार अस्पताल में एक और एंबुलेंस की जरूरत है, जिसके लिए पदाधिकारियों को अवगत कराया गया है।इसके अलावा इस अनुमंडलीय अस्पताल में कई महत्वपूर्ण दवा की भी किल्लत है। साथ ही एक माह से यहां कई तरह की जांच का काम भी प्रभावित है। केवल मलेरियल, हीमोग्लोबिन और बलगम की ही जांच हो रही है। लैब टेक्नीशियन सुजीत कुमार चौधरी ने कहा कि इस समस्या से सक्षम पदाधिकारी को अवगत करा दिया गया है। वहीं अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ अरुण कुमार सिन्हा के अनुसार जल्द ही जांच घर की व्यवस्था को अपडेट कर दिया जायेगा। अस्पताल में एक और एंबुलेंस की जरूरत है, जिसके लिए पदाधिकारियों को अवगत कराया गया है.