मतदान में महिलाओं ने निभायी महत्वपूर्ण भागीदारी, किया 76 प्रतिशत से अधिक मतदान
राजेश कानोडिया, भागलपुर। बिहार में हो रहे पंचायत चुनाव के सातवें चरण में 15 नवंबर को रंगराचौक प्रखंड क्षेत्र में मतदान जहां शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। वहीं मतदान के दौरान रंगराचौक प्रखंड में महिलाओं ने महत्वपूर्ण भागीदारी निभाते हुए पुरुषों से नौ प्रतिशत अधिक मतदान किया। इस पूरे प्रखंड में जहां 67.28 प्रतिशत पुरुषों ने मतदान किया। वहीं महिलाओं ने घर की दहलीज लांघकर 76.16 प्रतिशत मतदान किया। जबकि यहां पुरूष मतदाताओं की संख्या 33 हजार, 760 है और महिला मतदाताओं की संख्या 30 हजार 287 ही है।इसके साथ ही रंगराचौक प्रखंड के ग्राम पंचायत चुनाव मैदान में जिला परिषद के पद के लिए 10 प्रत्याशी, मुखिया पद के लिए 72 प्रत्याशी, सरपंच पद के लिए 51 प्रत्याशी, पंचायत समिति पद के लिए 57 प्रत्याशी, पंचात सदस्य 565 प्रत्याशी, ग्राम कचहरी पंच के लिए 239 प्रत्याशियों की किस्मत को 122 मतदान केंद्रों में बंद कर दिया।
इधर पंचायत चुनाव में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान कराने को लेकर मतदान केंद्रों पर भागलपुर के जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन, नवगछिया अनुमंडल पदाधिकारी यतेंद्र कुमार पाल, नवगछिया एसपी सुशांत कुमार सरोज, नवगछिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप कुमार के अलावा विभिन्न थानों के थानाध्यक्ष सहित इंस्पेक्टर भी चाक-चौबंद व्यवस्था में लगे रहे।