भागलपुर। शब–ए–बारात के मौके पर गुरुवार को भागलपुर शहर में हबीबपुर के मोमिन टोला स्थित कब्रिस्तान और मजार पर सामूहिक फातिहा पढ़ने से पुलिस द्वारा लोगों को रोके जाने पर कुछ असामाजिक तत्वों ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने पुलिस पर रात 8 बजे पथराव किया और गोली भी
चलाई। इतना ही नहीं उन्होंने पुलिस को सुद्दी मुखिया चौक तक खदेड़ भी दिया और गाली–गलौज भी किया। गोलीबारी में कोई हताहत नहीं हुआ , लेकिन पथराव में होमगार्ड का एक जवान घायल हो गया जो हबीबपुर थाने का बताया जाता है।घटना की जानकारी मिलते ही सिटी एसपी सुशांत कुमार सरोज, ट्रैफिक डीएसपी आरके झा, डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार समेत छह थानों की पुलिस पहुंची। पुलिस लाइन से भी अतिरिक्त बल बुलाए गए। जिला शांति समिति और मुहर्रम कमेटी से जुड़े लोग भी पहुंचे । पुलिस ने इलाके में फ्लैग मार्च किया और लोगों को घरों में रहने की अपील की। मस्जिदों से भी ऐलान किया गया तब लोग अपने–अपने घर गए। पूरे इलाके में पुलिस कैंप कर रही है।
शब–ए–बारात पर कब्रिस्तान की बजाय घरों से इबादत करने की अपील को खारिज कर लोग मोमिन टोला के कब्रिस्तान में पहुंच गए। हबीबपुर पुलिस ने उन्हें रोका और घरों से इबादत करने की अपील तो भीड़ की आड़ में कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस के सामने हंगामा शुरू कर दिया। इतने पर भी मन नहीं भरा तो उन्होंने पुलिस को खदेड़ना शुरू कर दिया। पुलिस पर पथराव किया। सुद्दी मुखिया चौक के पास पुलिस पर गोली भी चला दी। पुलिस ने मौके से एक खोखा बरामद किया है। बदमिजाज असामाजिक तत्वों ने न सिर्फ लॉकडाउन रूल्स तोड़े, बल्कि कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए सरकार की कवायदों पर भी पानी फेरने की कोशिश की।
सिविल सोसायटी के लोगों ने किया सहयोग
लोगों को समझाने में सिविल सोसाइटी के भोला खान, वर्दी खान, प्रो . सलाउद्दीन अहसन, प्रो . एजाज अली, अनवर खान, महबूब आलम, असगर अली उर्फ डांसरिया ने पुलिस का सहयोग किया। घटनास्थल पर हबीबपुर थानेदार मो . इनामुल्लाह, ट्रैफिक इंस्पेक्टर केके शर्मा, मधुसूदनपुर थाना प्रभारी मिथिलेश कुमार चौधरी, मोजाहिदपुर थानेदार प्रमोद साह, कजरैली थानेदार पंकज कुमार समेत कई थानों की पुलिस मौके पर कैंप कर रही है ।
इमारत–ए–शरिया के प्रमुख बोले– मुसलमानों ने पथराव व फायरिंग की तो गलत है लेकिन पुलिस भी अपनी हद में रहे
इमारत–ए–शरिया के अमीर–ए–शरीयत हजरत मौलाना वली रहमानी ने कहा कि अगर मुसलमानों ने पुलिस पर पथराव व फायरिंग की है तो यह गलत बात है। पुलिस और मुसलमानों को भी अपने दायरे में रहने की जरूरत है। पथराव और गोलीबारी को हर हाल में रोका जाना चाहिए। मौलाना वली रहमानी ने कहा कि कोरोना को लेकर सरकार ने जो गाइडलाइन दी है, उसमें कहा गया है कि अगर कोई प्रशासन या पुलिस के आदेश का उल्लंघन करता हो तो उसपर लाठी न बरसाए जाएं, जो अक्सर देखा जा रहा है। पुलिस को अपने क्षेत्राधिकार में रहकर कानूनी कार्रवाई करने की जरूरत है ।
भागलपुर के सिटी एसपी सुशांत कुमार सरोज के अनुसार पुलिस पर पथराव हुआ है। गोली चलने की जानकारी नहीं है। लेकिन घटनास्थल से बरामद खोखा की जांच की जा रही है। शांति समिति, मुहर्रम कमेटी से जुड़े लोगों के सहयोग से मामला शांत किया। हमला करने वाले की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं एसएसपी आशीष भारती ने कहा है कि लॉकडाउन और सोशल डिस्टेंसिंग का जो भी पालन नहीं करेगा उनपर कार्रवाई होगी । हबीबपुर की घटना में शामिल लोगों को चिह्नित कर उनपर कार्रवाई होगी।