पुलिस ने बताया कि गोपालपुर थाना क्षेत्र के लतरा निवासी दिवाकर यादव के पुत्र मुरारी कुमार (18) को अपराधियों ने गोली मारी है। जिन्होंने युवक पर पांच गोलियां चलायीं, जिसमें से तीन लग गयीं। एक गोली पंजरा के पास एवं दो गोलियां पीठ में लगी है। उसे आनन-फानन में अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से प्राथमिक उपाचार के बाद चिकित्सकों ने मायागंज अस्पताल भागलपुर रेफर कर दिया। घटना का कारण पुरानी रंजिश एवं जमीन विवाद बताया जा रहा है। घायल ने बताया कि गांव के ही गोलू कुमार, बंदन यादव एवं एक अज्ञात बदमाशों ने गोली मारी है। अज्ञात बदमाश खुटहा का निवासी बताया जा रहा है। बदमाश गोलू एवं बंदन चचेरा भाई है। सर्किल इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष एनएस चौहान ने बताया कि दो नामजद एवं एक अज्ञात बदमाश पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। जल्द तीनों को पकड़ लिया जायेगा।
आर्मी की बहाली के लिए कटिहार जाने वाला था
मायागंज अस्पताल में दिवाकर यादव ने कहा कि बेटा अपनी भाभी को उसके मायके पहुंचाकर बाइक से लौट रहा था। रास्ते में बदमाशों ने बेटे पर हमला कर दिया। वह जीबी कॉलेज, नवगछिया में पार्ट वन का छात्र है और आर्मी की बहाली के लिए तैयारी कर रहा है। बहाली के लिए कटिहार जाने वाला था। छोटे भाई फंटूस यादव का परिवार मनबढ़ू है। बेवजह बेटा को गोली मार दिया गया है।
पहले रोका फिर चलाने लगे ताबड़तोड़ गोलियां
जानकारी के अनुसार बिहपुर की तरफ से आ रहे मुरारी कुमार को सामने से एक ही बाइक पर तीन बदमाश आये और रुकने का इशारा किया। गांव के युवक को देखकर उसने गाड़ी रोक दी। दोनों के बीच बहस होने लगी। इसी दौरान बदमाशों ने पिस्तौल निकाली और गोलियां चलाने लगे। एक गोली युवक के कंधे में लगी। इसके बाद वह जान बचाने के लिए केला खेत की तरफ बाइक छोड़कर भागने लगा। इसके बाद बदमाशों ने खदेड़ते हुए गोली चलाने लगे। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े। इसके बाद लोगों को आते देख बदमाश खरीक चौक की तरफ भाग गये।