ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

नवगछिया में खेल का वातावरण बनाने को हुआ छेदो देवी स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ


नव-बिहार समाचार, नवगछिया। स्थानीय बाजार समिति के प्रांगण में रविवार को स्व छेदो देवी स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ कर नवगछिया में खेल का वातावरण बनाने का एक प्रयास किया गया। इस प्रतियोगिता का उद्‌घाटन अनुमंडल पदाधिकारी मुकेश कुमार ने फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने सभी खिलाड़ियों से परिचय भी प्राप्त किया।

इस प्रतियोगिता के आयोजक डॉ रजनीरमण झा ने कहा कि उनकी वर्षों की इच्छा थी कि वे अपनी दादी स्वर्गीय छेदो देवी की स्मृति में अलग-अलग खेलों का आयोजन करें ताकि नवगछिया में खेल का वातावरण बने। इसीलिए वे इसका प्रारंभ इस क्रिकेट टूर्नामेंट से कर रहे हैं। 


इस उद्‌घाटन समारोह में जदयू जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सिंह, विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष प्रवीण भगत, भवानीपुर के मुखिया दीपक शर्मा, हाई स्कूल नवगछिया के प्रधानाध्यापक सुरेंद्र प्रसाद सिंह, पूर्व क्रिकेटर प्रबोध सिंह एवं राजेश केजरीवाल के अलावा कुमुद मिश्रा, मधुमति ठाकुर सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे । इस प्रतियोगिता के व्यवस्थापक अमित पांडेय ने आभार व्यक्त किया। 


इस 20-20 प्रतियोगिता का पहला मैच भागलपुर और बिहपुर के बीच खेला गया। जिसमें भागलपुर की टीम ने 176 रन बनाए, जिसमें आदित्य आनंद ने 51, सचिन भारद्वाज ने 33 और कन्हैया कुमार ने भी 33 रन बनाए वहीं इसके जवाब में बिहपुर की टीम 114 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।

भागलपुर के कुणाल पीयूष ने 3 ओवर में 17 रन देकर पांच विकेट लिये। उनको मैन ऑफ द मैच चुना गया। मैच की अम्पायरिंग अशोक सिंह और आर के राजू ने की। सोमवार को अगला मैच खगड़िया बनाम नवगछिया होगा।