बिहार के राज्यपाल सत्यपाल मलिक को जम्मू-कश्मीर का नया राज्यपाल बनाया गया है। वो वर्तमान राज्यपाल एनएन वोहरा की जगह लेंगे। जून में जम्मू कश्मीर सरकार के गिरने के बाद राज्यपाल शासन है। वोहरा को 26 अगस्त को अमरनाथ यात्रा के समाप्त होने तक पद पर बने रहने को कहा गया था।
वहीं बीजेपी के वरिष्ठ नेता और लखनऊ से सांसद रह चुके लालजी टंडन को बिहार का राज्यपाल बनाया गया है। इसके अलावा सत्यदेव नारायण आर्य को हरियाणा, बेबी रानी मौर्या को उत्तराखंड, गंगा प्रसाद को सिक्किम का राज्यपाल बनाया गया है। हरियाणा के वर्तमान राज्यापल कप्तान सिंह सोलंकी को त्रिपुरा भेजा गया है। सिक्किम के वर्तमान राज्यपाल तथागत राय को मेघालय का राज्यपाल बनाया गया है।
साल 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार बनने के बाद पहले अलीगढ़ के कल्याण सिंह, इलाहाबाद के केसरीनाथ त्रिपाठी और बागपत के सत्यपाल मलिक को राज्यपाल बनाया गया। अब यूपी से भाजपा लखनऊ के लालजी टंडन व आगरा की पूर्व महापौर बेबी रानी मौर्य को राज्यपाल बनाया गया है।
