ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

भागलपुर: नवगछिया टोल प्लाजा पर पुलिस का उत्पात

नव-बिहार न्यूज नेटवर्क (NNN), भागलपुर : गंगा नदी पर बने विक्रमशिला सेतु के उस पार नवगछिया टोल प्लाजा पर गुरुवार देर रात स्कॉर्पियो सवार पुलिस जवानों ने टोल कर्मचारियों के साथ जमकर मारपीट की। घटना की सूचना पर भागलपुर स्थित बरारी टोल प्लाजा पर कर्मचारियों ने स्कॉर्पियो को रोक लिया। फिर पुलिस को सूचना दी। तत्काल बरारी, परबत्ता सहित कई थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। टोल कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि इन लोगों ने कैश भी लूट लिया।

नवगछिया टोल प्लाजा के मैनेजर पंकज कुमार ने बताया है कि सफेद रंग की स्कॉर्पियो ( JH17E 4545) पर सवार आधा दर्जन पुलिसवाले टोल प्लाजा पर उतरे और सीधे प्लाजा के दफ्तर में घुस गए। बिना कुछ पूछे कर्मचारियों से गाली-गलौज करने लगे। जब पीड़ितों ने कारण पूछा तो उन लोगों ने सभी की पिटाई शुरू कर दी। जिसमें विनोद कुमार यादव, रोहित कुमार सहित पांच कर्मचारी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इसके बाद कैश काउंटर से नकदी निकालकर भागलपुर की तरफ चल दिए। जैसे ही इन लोगों की गाड़ी भागलपुर की तरफ बढ़ी तभी वहां से बरारी प्लाजा को सूचना फोन पर दे दी गई। यहां पर जैसे ही उन लोगों की गाड़ी पहुंची तो रोक लिया गया। इसी बीच पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई। थोड़ी ही देर में पुलिस भी टोल प्लाजा पर पहुंच गई।

बरारी प्लाजा के कर्मचारी पवन ने बताया कि पुलिस के रोकते ही इन लोगों ने गाड़ी से रुपये निकालकर फेंकना शुरू कर दिया। मैनेजर पंकज ने बताया कि पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी में कैद है। इन लोगों ने किस तरह से कर्मचारियों की पिटाई की है। कितना कैश लूटा है इसकी अभी सही जानकारी नहीं मिली है। हिसाब मिलाने के बाद ही बताया जा सकेगा। उधर, बरारी पुलिस ने बताया है कि मामले की छानबीन की जा रही है।