नव- बिहार न्यूज नेटवर्क (NNN)। बिहार के विभिन्न जिलों में हुई छोटी बड़ी घटनाओं के संक्षिप्त समाचार इस प्रकार हैं-
1. अररिया में प्रेमी जोड़े को दबंगों ने प्यार की खौफनाक सजा दी है. दबंगों ने लड़की की पीट—पीटकर हत्या कर दी. जबकि प्रेमी की आंखों में तेजाब डाल दिया. लोगों ने उसे तेजाब भी पिलाया है. प्रेमी की हालत नाजुक है. वह फारबिसगंज अस्पताल में भर्ती है.
2. भागलपुर में नाथनगर स्टेशन के सामने बुधवार को पत्नी और बेटी से छेड़खानी का विरोध करने पर युवक को गोली मार दी गई. लक्ष्मी नारायण रोड निवासी युवक को गोली मारने वाला युवक उसका पड़ोसी है. पीड़ित इस छेड़खानी की शिकायत पहले पुलिस से भी कर चुका था, लेकिन पुलिस ने कोई एक्शन नहीं लिया था.
3. नालंदा में जिला प्रशासन ने बालू माफिया पर बड़ा एक्शन लिया है. डीएम त्यागराजन एसएम और पुलिस कप्तान सुधीर कुमार पोरिका ने बताया कि अब तक 11 FIR दर्ज किए गए हैं. जबकि 10 लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है. जबकि 11 ट्रैक्टर भी जब्त किए गए हैं.
4. पटना डीएम ने शहर के DAV पब्लिक स्कूल समेत दो बड़े निजी स्कूलों पर ताला लगाने का आदेश दिया है. कार्रवाई सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर की गई है. स्कूल तब तक नहीं खोले जा सकेंगे, जब तक जिला प्रशासन सुरक्षा आॅडिट करने के बाद रिपोर्ट नहीं देगा.
5. गया में संदिग्ध आतंकियों की गिरफ्तारी के बाद से नए—नए राज खुल रहे हैं. पटना पुलिस हेडक्वार्टर में ADG एसके सिंघल ने बताया है कि इन संदिग्ध आतंकियों का कई सांसदों से जुड़ाव था. वह उनके संपर्क में भी थे. आतंकियों से पूछताछ के लिए गुजरात एटीएस भी आ रही है.
6. सासाराम में सीओ और ASI को शराब माफिया ने दौड़ाकर पीटा. उनकी गाड़ी भी चकनाचूर कर दी गई है. पुलिस को मौके से जान बचाकर भागना पड़ा. पुलिस की इस नाकामी से शराब माफिया की ताकत का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है.
7. RJD चीफ लालू प्रसाद और पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव को नोटिस भेजा गया है. बताया जा रहा है कि यह नोटिस भागलपुर रैली में दिए गए कुछ बयानों को लेकर भेजा गया है. आरोप है कि लालू प्रसाद और तेजस्वी यादव ने रैली में आपत्तिजनक बयान दिए थे.
8. बेतिया में बुधवार की रात हुई प्रॉपर्टी डीलर भुटाई राम की हत्या से नाराज लोगों ने जमकर हंगामा किया. आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर रोड जाम कर दी. बाद में पुलिस पर पथराव किया और लाठी—डंडे से पुलिस को पीटकर खदेड़ दिया. पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में खूब लाठियां भांजी हैं.
9. गुरुवार की सुबह 11 बजे आयकर विभाग की टीम ने जमुई में बिल्डर के ठिकानों पर छापेमारी की है. आयकर विभाग की टीम दर्जन भर गाड़ियों में सवार होकर रेड करने पहुंची थी. बताया जा रहा है कि ठेकेदार के आवास से लेकर कार्यालय तक छापेमारी हुई है.
10. सीवान में गुरुवार की सुबह अतिक्रमण हटाने पहुंची पुलिस टीम पर लोग टूट पड़े. जमकर बवाल हुआ. कई पुलिसकर्मियों को चोटें आईं हैं. जबकि जेसीबी मशीन के साथ ही SDM की गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया. पुलिस टीम पर महिलाओं ने जमकर पथराव भी किया. पुलिस ने कई राउण्ड फायरिंग करके हालात नियंत्रित किया.
11. जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने लालू परिवार पर फिर तंज कसा है. नीरज कुमार के निशाने पर इस बार पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव हैं. नीरज कुमार ने उन्हें अपने माता—पिता के साथ ही रहने और अनुशासन पूर्वक संयम बरतने की हिदायत भी दी है.
12. मुजफ्फरपुर के एलएस कॉलेज में बुधवार को स्नातक पार्ट वन के छात्र के साथ रैगिंग हुई. सीनियर छात्रों ने उसे बेल्ट और डंडों से जमकर पीटा था. छात्र के हाथ और सर में काफी चोट आई है. यूजीसी ने कॉलेज प्रबंधन को आरोपी छात्रों पर रिपोर्ट दर्ज करने का निर्देश दिया है.
13. पटना के मोकामा गंगा घाट पर भीषण हादसा हुआ है. गंगा घाट पर नहाने गए एक ही परिवार के 6 लोगों की डूबने से मौत हो गई. वाकया गुरुवार की सुबह 6 बजे का है. घटना से पीड़ित के परिवार में शोक का माहौल है.
14. पटना के दानापुर में बेखौफ अपराधियों ने डीएसपी दफ्तर के सामने दनादन फायरिंग की. घटना में राजद के पूर्व प्रत्याशी सह नप उपाध्यक्ष राजकिशोर यादव बाल—बाल बचे. पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है.
15. सांसद और सिने स्टार शत्रुघ्न सिन्हा गुरुवार को पटना में थे. उन्होंने कहा कि मैंने अपने संसदीय क्षेत्र के विकास में जी—जान लगा दी है. लेकिन मेरे फिल्मी या राजनीतिक कार्यकाल में किसी भी भ्रष्टाचार का आरोप मेरे ऊपर नहीं लगा है.