ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

ALERT : आज भी बिहार में आंधी-पानी के आसार


नव-बिहार न्यूज नेटवर्क (NNN), पटना। आज 18 मई गुरुवार को भी राज्य में आंधी और बारिश के आसार हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश में बने चक्रवाती प्रसार (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) के कारण बिहार के मौसम में यह बदलाव हुआ है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि
शुक्रवार तक राज्य में आंधी के साथ बूंदाबांदी और बारिश हो सकती है।
मौसम वैज्ञानिक आनंद शंकर के मुताबिक दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर गुरुवार को सुबह और दोपहर बाद बिहार में दिखेगा।
पश्चिमी बिहार से सिस्टम राज्य में दाखिल होगा। 50 से 60 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। कुछ स्थानों पर बूंदाबादी तो कुछ स्थानों पर सामान्य बारिश हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश से लेकर बिहार होते हुए असोम तक द्रोणिका (टर्फ लाइन) के कारण बारिश को बल मिल रहा है। 
गौरतलब है कि बुधवार को गया, भागलपुर, पूर्णिया और इन शहरों के आसपास के जिलों में आंधी के साथ बारिश भी हुई। सबसे अधिक बारिश भागलपुर में 19.0 मिमी. और गया में 15.8 मिमी. हुई। गया में आंधी के दौरान हवा की रफ्तार 76 किमी. प्रति घंटे रही। राजधानी पटना में आंधी के दौरान कुछ देर के लिए घुप्प अंधेरा छा गया। हवा की रफ्तार यहां 58 किमी. प्रति घंटे थी। आंधी के साथ छीटे भी पड़े। 
तापमान 40 के नीचे गया : मौसम में आए इस बदलाव के कारण बुधवार को गया को छोड़ अधिकतर जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे ही रहा। गया में अधिकतम तापमान 40.1, पटना में 36.5, भागलपुर मे 36.2 तथा पूर्णिया में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस रहा। शुक्रवार तक लोगों को चुभती गर्मी से राहत रहेगी।