केंद्र सरकार ने आखिरकार डीजल के दामों को बाजार के हवाले कर दिया है। अब पेट्रोल की तरह बाजार डीजल के दाम तय करेगा। डीजल के डीकंट्रोल होने से शनिवार आधी रात से डीजल 3.37 रुपये सस्ता हो जाएगा। केंद्र सरकार ने इसके साथ ही गैस कीमतों पर रिलांयस ग्रुप के मुकेश अंबानी को बड़ा झटका देते हुए प्राकृतिक गैस की कीमत 4.2 डॉलर से 5.61 डॉलर कर दिया है। गौरतलब है कि यूपीए सरकार में इसे 8.4 डॉलर करने का फैसला किया गया, जिसे आम आदमी पार्टी ने बड़ा मुद्दा भी बनाया था।
शनिवार को कैबिनेट की बैठक में कई हम फैसले लिए गए। वित्त मंत्री अरुण जेटली ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इन फैसलों की जानकारी दी। जेटली ने कहा कि सरकार ने डीजल के दाम को बाजार के दाम के साथ जोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि इससे शनिवार आधी रात से डीजल के दाम 3.37 रुपये कम हो जाएंगे।
जेटली ने कहा कि सरकार ने कैश ट्रांसफर स्कीम फिर शुरू करने का फैसला किया है। एलपीजी सब्सिडी को डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर स्कीम के साथ जोड़ा जाएगा। शुरुआत में आधार कार्ड और बैंक आकाउंट के जरिए यह सब्सिडी ट्रांसफर की जाएगी। उन्होंने कहा कि 10 नवबंर से एक मिशन मोड में इस योजना को लागू करने की कोशिश की जाएगी। जेटली ने कहा कि जो लोग इससे बाहर होंगे, उनके लिए सिलेंडर की पुरानी योजना लागू रहेगी।
जेटली ने कहा कि कैबिनेट की बैठक में तीसरा बड़ा फैसला प्राकृतिक गैस की कीमतों को लेकर फैसला किया गया। इस फैसले के तहत इसकी कीमत 5.61 डॉल एमएमबीटीयू तय की गई है। लेकिन रिलायंस इंडस्ट्रीज को फिलहाल उसके केजी-डी6 क्षेत्र से उत्पादन में कमी की भरपाई होने तक 4.2 डॉलर का मूल्य ही मिलेगा।
जेटली ने कहा कि सरकार ने यूपीए सरकार द्वारा मंजूर रंजराजन फॉर्म्युले में कुछ बदलाव किया, ताकि गैस मूल्य को 8.4 डॉलर से कम करके 5.61 डॉलर प्रति इकाई पर लाया जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस पर कमिटी बनाई थी। बैठक में कैबिनेट ने कमिटी की रिपोर्ट को मंजूर कर दिया। जिसके तहत अब प्राकृतिक गैस की कीमत 5.61 डॉलर तय की गई है। जेटली ने कहा कि यूपीए सरकार ने रंगराजन कमिटी की रिपोर्ट के आधार पर इसे 4.2 डॉलर से 8.4 डॉलर करने का फैसला किया था। उन्होंने कहा कि नई कीमत 1 नवंबर से लागू होगा और साल में दो बार 1 अप्रैल और 1 अक्टूबर को इसकी समीक्षा की जाएगी।
नेचरल गैस के दाम बढ़ने से कितना पड़ेगा असरः 1 नवंबर से नेचरल गैस के दाम बढ़ने से पीएनजी के दाम में ढाई रुपये प्रति यूनिट का असर पड़ेगा। वहीं सीएनजीमें करीब चार रुपये की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि पेट्रोलियम मंत्री ने कहा कि लोगों पर ज्यादा बोझ न पड़े इसके लिए टैक्स आदि घटाकर लोगों को राहत दी जाएगी।
