मानव व्यापार के तहत लड़कियों को बहला-फुसलाकर बेचने वाले वरूण कुमार सिंह को पूर्णिया जिले के रूपौली पुलिस ने भागलपुर से गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी रूपौली थाना कांड संख्या 185/14 में लड़की अपहरण के मामले में की गई है। आरोपी जिले के मोहनपुर थानान्तर्गत भौवा ड्योढ़ी का निवासी है। इसकी गिरफ्तारी बरारी थाना के सहयोग से की गई।
इस संबंध में धमदाहा एएसपी दिलनवाज अहमद ने बताया कि इसकी शादी तीन वर्ष पूर्व गेराबाड़ी फुलबाड़ी पचमा में हुई थी। इस लड़की को भी यह बेचने के ख्याल से अपने एक दोस्त के सहयोग से लेकर भाग रहा था लेकिन ग्रामीणों द्वारा पकड़ में आने के बाद इसकी शादी कर दी गई। हरदा में मेहता चौक के पास पूर्व में इसका एक लाईन होटल भी था। वहां भी एक लड़की की लाश मिली थी। इस मामले में यह जेल गया था। इसके बाद से इसकी दुकान बंद हो गई और यह फरार था। फिर यह भागलपुर के एक रेस्टोरेंट में वेटर का काम करने लगा। कुछ दिन पूर्व डोभा लखनौर से गायब हुई लड़की के मामले में इसकी गिरफ्तारी की गई है। इस मामले में भी इसका एवं इसके भाई का नाम सामने आया। जिसमें इसका भाई जेल गया था। उन्होंने बताया कि लड़की के अपहरण के कई और मामले में इसकी संलिप्तता है जिसकी जांच की जा रही है।
