ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

बिहार के नौ जिलों में बाढ़, चार लाख लोग प्रभावित


बिहार के नौ जिले अभी तक बाढ़ से प्रभावित हैं और इससे करीब चार लाख लोग प्रभावित हुए हैं। बाढ़ जनित घटनाओं ने अभी तक दो लोगों की जान ली है।

मुख्यमंत्री जीतन राम माझी ने मुख्य सचिव अंजनी कुमार सिंह और आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव व्यास जी के साथ बाढ़ में डूबे क्षेत्रों का हवाई निरीक्षण किया और लोगों को राहत पहुंचाने के लिए हर संभव उपाय करने का आदेश दिया।

प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के बाद माझी ने कहा कि तेजी से राहत उपाय किये जाएंगे। इस काम के लिए धन की कमी नहीं है और जैसे ही अधिकारी इस संबंध में हमें सूचित करेंगे उन्हें तुरंत धन आबंटित किया जाएगा।

आपदा प्रबंधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दरभंगा, नालंदा, पश्चिम चम्पारण, सुपौल, सहरसा, नवादा, शेखपुरा, सीतामढ़ी और पटना जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। बाढ़ के कारण सहरसा जिले में आज दो लोंगों की मौत हुई है।

प्रभावित जिलों से अभी तक 38,000 लोग सुरक्षित जगहों पर पहुंचाए गए हैं और 75 राहत शिविर लगाए गए हैं। आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव ने पीटीआई को बताया, बाढ़ का पानी पटना जिले के दनियावन और बेलछी ब्लॉकों मे घुस गया है। पानी पड़ोस के नालंदा जिले से आया है जहां पंचाने और सकरी नदियों में बाढ़ आयी हुई है।