नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत जगतपुर पंचायत के मुखिया अमरदीप यादव द्वारा अपने ही पंचायत के पंचायत सचिव विजय कुमार जायसवाल को जान से मारने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। इस धमकी से भयभीत होकर पंचायत सचिव विजय कुमार जायसवाल ने नवगछिया प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी नीलम दास को इसकी लिखित जानकारी देते हुए जगतपुर पंचायत के पंचायत सचिव पद से मुक्त करने की गुहार भी लगायी है।
पंचायत सचिव विजय कुमार जयसवाल के आवेदन के अनुसार उन्हे यह धमकी तब दी गयी। जब उन्हे जगतपुर पंचायत के मुखिया के घर पर बुलाया गया। वहाँ मुखिया अमरदीप यादव द्वारा योजना के विपरीत गलत चेक निर्गत करने के लिये दवाब पूर्वक कहा गया। जिसके लिये तैयार नहीं होने पर मुखिया गाली गलौज करने लगे। साथ ही जान से मारने की धमकी दे डाली। पंचायत सचिव के अनुसार जगतपुर मुखिया पूर्व से ही अपराधिक छवि के हैं। कई बार जेल भी जा चुके हैं। पंचायत सचिव ने आवेदन में यह भी आशंका व्यक्त की है कि कभी भी मुखिया द्वारा मेरी हत्या की जा सकती है।
पंचायत सचिव के इस तरह के आवेदन को प्राप्त करते ही नवगछिया बीडीओ नीलम दास ने गंभीरता से लिया। इसके साथ ही जगतपुर पंचायत सचिव का प्रभार तत्काल जन सेवक कुमार अशोक को लेने का आदेश जारी किया है। वहीं इस मामले की जानकारी मिलने पर नवगछिया प्रखंड के प्रमुख मानकेश्वर सिंह, पूर्व प्रमुख रामानन्द सिंह सहित प्रखंड के अन्य कर्मियों ने धमकी दिये जाने की घटना की निंदा करते हुए पुलिस पदाधिकारियों से अपेक्षित सहयोग की अपेक्षा की है।
