पूर्व मध्य रेल के सोनपुर मंडल अंतर्गत बरौनी कटिहार के बीच नवगछिया स्टेशन पर बुद्धवार कि रात लगभग दस बजे मेन लाइन पर एक डाउन मालगाड़ी का चक्का पटरी से उतर जाने के कारण छह घंटे तक डाउन ट्रेनों का परिचालन बाधित रहा।इसके साथ ही नवगछिया स्टेशन से सटा पश्चिम केबिन भी कई घंटों तक देर रात में भी जाम रहा। इसके साथ ही 15708 डाउन आम्रपाली एक्स्प्रेस, 15716 डाउन गरीब नवाज एक्सप्रेस तथा 55540 डाउन पैसेंजर ट्रेन को रास्ते में विभिन्न स्टेशनों पर रोकना पड़ा। जबकि अप ट्रेनों के परिचालन पर इसका कोई असर नहीं पड़ा।
जानकारी के अनुसार बरौनी से कटिहार के रास्ते न्यू बोंगाई गाँव को जा रही एक मालगाड़ी के तीसरा डब्बा का पिछला चक्का का धुरा गर्म होकर पिघल गया था। जिससे चक्का और ट्राली क्षतिग्रस्त हो गया । जो किसी तरह से घसीटते हुए नवगछिया स्टेशन तक पहुंचा था।
घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन अधीक्षक केएन झा, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक रमेश प्रसाद, इस रेल खंड के यातायात निरीक्षक संजीव तिवारी, सीनियर सेक्शन इंजीनियर वर्क्स एलबी साह इत्यादि ने घटनास्थल पर पहुँच कर स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद खरीक स्टेशन पर खड़ी दूसरी मालगाड़ी का इंजन को पीछे से जोड़ कर शेष डब्बों को वापस खरीक ले जाया गया।
डाउन ट्रेक लगभग रात के तीन बजे के बाद रेल परिचालन के लायक बनी। इसके बाद सबसे पहले 15708 डाउन आम्रपाली एक्सप्रेस रात के 3 बजकर 32 मिनट पर नवगछिया पहुंची। इसके बाद 15716 डाउन गरीब नवाज एक्सप्रेस 3 बजकर 54 मिनट पर तथा 55540 कटिहार पैसेंजर 4 बजकर 10 मिनट पर नवगछिया पहुंची।