नरेंद्र मोदी को जिस दिन का इंतजार था वो दिन आज आ गया है. राष्ट्रपति भवन का विशाल प्रांगण आज यादगार लम्हों का साक्षी होगा. नरेंद्र मोदी सैकड़ों देशी विदेशी मेहमानों की मौजूदगी में देश के 15वें प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे. राष्ट्रपति भवन में तैयारियां लगभग पूरी हो गई है. मोदी ने आज सुबह सबसे पहले राजघाट जाकर गांधीजी को श्रद्धांजलि दी. उसके बाद उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी से आशीर्वाद लिया. इसके बाद से गुजरात भवन में संभावित मंत्रियों के साथ मोदी की लगातार मीटिंग चल रही है. उधर विदेशी मेहमान भी धीरे-धीरे दिल्ली पहुंच रहे हैं.
ताजा जानकारी के अनुसार मोदी के मंत्रियों के नाम की लिस्ट राष्ट्रपति को भेज दी गई है. आज कुल 45 मंत्री शपथ लेंगे. इसमें 24 कैबिनेट मंत्री, 11 राज्य मंत्री और 10 मंत्री स्वतंत्र प्रभार स्तर के होंगे. रक्षा मंत्रालय नरेंद्र मोदी अपने पास रख सकते हैं. राजनाथ सिंह को गृह मंत्रालय, अरुण जेटली को वित्त मंत्रालय और सुषमा स्वराज विदेश मंत्रालय मिलेगा.
मंत्रियों की तैयारी और बैठकों का दौर जारी
शपथ ग्रहण से पहले सरकार में संभावित मंत्रियों के साथ मोदी की लगातार मीटिंग चल रही है. सुबह करीब साढ़े 8 बजे के बाद से ही गुजरात भवन में नरेंद्र मोदी से मिलने वालों का तांता लगना शुरू हो गया था. बीजेपी और एनडीए के कई दिग्गज मोदी से मुलाकात करने पहुंचे हैं. इनमें कई संभावित मंत्री भी शामिल हैं. बीजेपी अध्यक्ष राजनाथ सिंह, सुषमा स्वराज और अरुण जेटली के अलावा गुजरात भवन पहुंचे वालों में रविशंकर प्रसाद, निर्मला सीतारमन, धर्मेन्द्र प्रधान, उमा भारती, गोपीनाथ मुंडे, राम विलास पासवान, अनंत कुमार, नजमा हेपतुल्ला, हर्षवर्धन, वीके सिंह, संतोष गंगवार, वैंकेया नायडू, राव इंद्रजीत सिंह, पीयूष गोयल, उपेन्द्र कुशवाहा शामिल हैं.
