बिहार के मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने नवनियुक्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने बिहार को विशेष दर्जा देने की मांग उठाई है जिसे पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रमुखता से उठाते रहे हैं।
मांझी ने बिहार को विशेष श्रेणी का दर्जा देने का मुद्दा उस समय उठाया जब मोदी ने उनके शपथ ग्रहण के बाद फोन पर उनसे बात की थी। नये मुख्यमंत्री कल रात कुछ मीडियाकर्मियों से बात कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने मेरे शपथ ग्रहण के बाद मुझे बधाई देने के लिए फोन किया था, तब मैंने बिहार को विशेष दर्जा देने की मांग उठाई थी। हमारे राज्य को विशेष दर्जा देने से जनता के बीच अच्छा संदेश जाएगा।
मांझी ने नीतीश के एजेंडे को आगे बढ़ाते हुए कहा कि अगर बिहार के लिए यह मांग पूरी नहीं होती तो राज्य में बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा।
लोकसभा चुनावों के दौरान जदयू के एजेंडे में भी बिहार को विशेष दर्जा का विषय शीर्ष पर रहा। नीतीश ने इस मांग के समर्थन में पटना और नयी दिल्ली में दो बड़ी रैलियां भी की थीं।
मोदी ने चुनाव प्रचार के दौरान घोषणा की थी कि अगर उनकी सरकार आई तो बिहार और पूर्वोत्तर के राज्यों के बेहतर विकास के लिए उन्हें विशेष दर्जा, विशेष पैकेज दिया जाएगा और उन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। मांझी ने बताया कि उन्हें कल राष्ट्रपति भवन में नवनियुक्त प्रधानमंत्री मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में बुलाया गया है।
उन्होंने कहा कि मुझे मोदी के शपथ ग्रहण समारोह के लिए पीएमओ द्वारा भेजा गया निमंत्रण मिला है। मैं जल्दी निर्णय लूंगा।
