नवगछिया शहर में रविवार की रात लगभग नौ बजे तीन जगहों पर हर्षोल्लाश के साथ होलिकादहन कार्यक्रम सम्पन्न हो गया । जहां सबसे अधिक लोगों की मौजूदगी बाल भारती विद्यालय के मैदान में देखी गयी । इसके अलावा बड़ी ठाकुरबाड़ी और प्रोफेसर कॉलोनी में भी होलिका दहन कार्यक्रम के दौरान काफी लोगों की मौजूदगी देखी गयी ।
इस कार्यक्रम के लिए सभी लोग अपने अपने घरों में बनाए गये गोबर के बरकुल्ले की माला के साथ भक्त प्रहलाद का जयकारा लगाते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुँच रहे थे । जहां सभी लोगों द्वारा लायी जा रही जलावन सामग्री को एक जगह एकत्रित किया जा रहा था । इसके बाद नियत समय पर विधि विधान के साथ पूजन कर अग्नि प्रज्वलित कर कार्यक्रम प्रारम्भ किया गया।
जहां सबसे पहले नवविवाहिताओं ने होलिकादहन की कई परिक्रमा की । इसके बाद पुरुषों द्वारा लट्ठे में बांध कर लायी गयी नयी फसल की गेंहू और चने की बालियों को अग्नि देवता के समक्ष प्रस्तुत कर सुख समृद्धि की कामना की । वहीं युवाओं ने होलिकादहन की अग्नि की थोड़ी मात्रा अपने अपने घर ले जाते देखे गये ।