शुक्रवार को प्रेषित किए अपने पत्र में शाहनवाज ने नवगछिया एसडीएम पर शांतिपूर्ण व निष्पक्ष तरीके से चुनाव कराने में बाधा पहुंचाने का आरोप लगाया है। शाहनवाज का आरोप है कि एसडीएम अखिलेश कुमार के नवगछिया में पदासीन रहने पर निष्पक्ष ढंग से चुनाव होना मुश्किल है इसलिए उन्हें अविलंब यहां से हटाया जाए।
मुख्य चुनाव आयुक्त को नवगछिया एसडीएम के बारे में जानकारी देते हुए शाहनवाज ने बताया है कि एसडीएम अखिलेश कुमार नवगछिया में भाजपा कार्यकर्ताओं को नाहक परेशान कर रहे हैं। इसके लिए वे झूठे मुकदमें भी दर्ज करा रहे हैं ताकि भाजपा कार्यालय के प्रभारी व कार्यकर्ता दवाब में आकर भाजपा का कार्य न कर सके।
शाहनवाज ने बताया है कि भागलपुर में 24 अप्रैल को लोकसभा का चुनाव होना है और वे खुद यहां से चुनाव लड़ रहे हैं। किंतु नवगछिया का एसडीएम भाजपा विरोधी है और नालंदा का रहने वाला है इसलिए मुख्यमंत्री के द्वारा उन्हें यहां चुनाव परिणाम को प्रभावित करने के लिए भेजा गया है। यही कारण है कि अखिलेश कुमार अपने आवास पर भी जदयू कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रहे हैं। नवगछिया एसडीएम अखिलेश कुमार पार्टी कार्यकर्ता की तरह जदयू के लिए काम रहे हैं। वहीं उनके पास मुख्यमंत्री सचिवालय से निर्देश भी आ रहे हैं। परिणाम स्वरूप वे अपने कार्यालय के कामकाज की भी परवाह नहीं कर रहे हैं।
शाहनवाज का कहना है कि उक्त अधिकारी के रहते हुए भागलपुर में संसदीय क्षेत्र का निष्पक्ष ढंग से चुनाव होना मुश्किल है इसलिए उक्त अधिकारी को अविलंब हटाया जाए और सभी मतदान केंद्रों पर केंद्रीय अर्ध सैनिक बल तैनात किये जाए।
