नए साल के दूसरे दिन से नवगछिया पुलिस जिला में शुरू हुआ सीरियल क्राइम अब तक लगातार जारी है। यहाँ अपराध की वारदातें थमने का नाम ही नहीं ले रही है। 2 जनवरी को खरीक में 50 हजार की नगद लूट, 3 जनवरी को परवत्ता में वाहन अपहरण, 4 जनवारी को गोपालपुर में सारे शाम हत्या, 5 जनवरी को इस्माइलपुर में वाहन लूट के बाद चालक की हत्या, 6 जनवरी को खरीक में एनएच पर मोटरसाइकिल व नकदी लूट की घटनायें हुई हैं। इसके बाद अब 7 जनवरी को नवगछिया पुलिस जिला के बिहपुर थाना में एक किशोर के अपहरण की आशंका जताते हुए उसके पिता ने प्राथमिकी दर्ज करायी है।
किशोर युवक नीतीश के पिता प्रमोद कुमार के अनुसार अपने ननिहाल से मछली लेकर घर जाने के लिए निकले 13 वर्षीय नीतीश कुमार (13) के अपहरण की आशंका है। वह अपने ननिहाल बभनगामा गांव से अपने घर खगड़िया जिले के मानसी थानान्तर्गत चैधा (बाबू बगीचा) जाने के लिए एक जनवरी को निकला था। उसके पिता प्रमोद कुमार निषाद ने बिहपुर थाने में अपने पुत्र के अपहरण की आशंका जताते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसमें अज्ञात को आरोपी बनाया है। नीतीश बीते 31 दिसंबर को ननिहाल आया था। एक जनवरी को नाना ने उसे सात किलो की एक मछली घर ले जाने के लिए दी थी। मगर नीतीश अभी तक घर नहीं पहुंचा। परिजन द्वारा खोजबीन बाद थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। मामले की जांच एसआइ वासुदेव प्रसाद कर रहे हैं।
