ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

मप्र : स्टेशन में आगजनी से रेल परिचालन ठप्प

मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में दो बच्चों की रेल से कटकर हुई मौत से गुस्साई भीड़ ने गुलाबगंज रेलवे स्टेशन पर तोड़फोड़ कर आग लगा दी। आगजनी में घायल दो रेलवे कर्मचारियों में से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
इस घटना के विरोध में रेलवे कर्मचारियों के हड़ताल पर चले जाने से रेल परिचालन पूरी तरह ठप्प पड़ गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह रेल पटरी को पार करते वक्त दो बच्चों की रेलगाड़ी से कटकर मौत हो गई। इस घटना से गुस्साए ग्रामीण रेलवे स्टेशन पर तोड़फोड़ करने के दौरान स्टेशन प्रबंधक संकेत बंसल से मारपीट करने लगे और उनके बचाव में आगे आए एक अन्य रेलकर्मी भगवान दास के साथ भी उन्होंने मारपीट की। आक्रोशित ग्रामीणों ने इसके बाद कार्यालय में आग लगा दी।
भोपाल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी के.के. दुबे ने बताया कि इस अग्निकांड में गंभीर रूप से घायल भगवानदास की उपचार के दौरान मौत हो गई जबकि बंसल का उपचार जारी है। हादसे के बाद भोपाल के रेलवे कर्मचारी भी हड़ताल पर चले गए हैं, जिससे रेल परिचालन पर असर पड़ा है। कई गाड़ियों को भोपाल से पहले ही रोकना पड़ा है।
भोपाल रेलवे स्टेशन पर बीते चार घंटे से कोई भी यात्री गाड़ी नहीं गुजरी है। रेलगाड़ियों के बारे में किसी भी तरह की जानकारी नहीं दी जा रही है जिससे यात्रियों को मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है।