ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

बिहार में 43 हजार लीटर अवैध शराब जब्त, 300 गिरफ्तार

बिहार में पुलिस ने पिछले एक हफ्ते के दौरान जहरीली शराब पीने की वजह से हुई मौतों के बाद एक विशेष अभियान चलाकर बीते दो दिनों में 43 हजार लीटर से अधिक अवैध शराब जब्त की है। इस मामले में 300 से ज्यादा लोगों की गिरफ्तारी भी हुई है।
प्रदेश पुलिस मुख्यालय के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि
विशेष अभियान के दौरान विभिन्न जिलों से 43,455 लीटर शराब बरामद की गई है, जबकि अवैध शराब की 109 भठ्ठियों को नष्ट किया गया है। इस मामले में 304 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
अधिकारी के अनुसार दरभंगा जिले में सबसे अधिक 17,890 लीटर अवैध शराब बरामद की गई है। वहीं समस्तीपुर जिले से सबसे अधिक 56 गिरफ्तारियां हुई हैं। राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) रविन्द्र कुमार ने बताया कि इस दौरान कई हथियार और वाहन भी जब्त किए गए हैं।
भोजपुर में 13,000 लीटर शराब बरामद की गई है और 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा पटना जिले में 1,861 लीटर शराब जब्त की गई है और 26 लोगों को गिरतार किया गया है।
गौरतलब है कि पिछले दिनों जहरीली शराब पीने से भोजपुर में 21 और गया जिले 12 लोगों की मौत हो गई थी।