बिहार के भोजपुर जिले के सहार थाना क्षेत्र में सोमवार को सोन नदी में एक नाव पलट जाने से 35 लोगों की मौत हो गई।
सोमवार 10 सितंबर की सुबह भोजपुर जिले के भंवरी गांव के कई लोग धौरी घाट पर एक नाव पर सवार होकर सोन नदी पार कर रहे थे कि अचानक नाव पलट गई। स्थानीय पुलिस के मुताबिक सोमवार दोपहर तक इस हादसे में 35 लोगों के शव नदी से बाहर निकाले जा चुके थे। पुलिस ने बताया कि कई लोग अब भी लापता हैं। मरने वालों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
नौका डूबने के बाद करीब सात लोगों ने तैरकर नदी पार कर ली और अपनी जान बचाई।हादसे के कुछ ही देर बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थानीय गोताखोरों की मदद से राहत और बचाव कार्य चलाया गया।पुलिस ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त नाव में क्षमता से अधिक लोग सवार थे जिसके कारण इसका संतुलन बिगड़ गया और वह सोन नदी में डूबी गई।स्थानीय ख़बरों के मुताबिक इस नाव में 40 से ज्यादा लोग सवार थे।