
नवगछिया । बिहार की मुख्य न्यायाधीश श्री मति रेखा एम दोसित का नवगछिया स्टेशन पर सोमवार की रात भव्य स्वागत किया गया। वे यहां 3247 अप कैपिटल एक्सप्रेस से रात साढ़े नौ बजे उतरी थीं। उनके साथ परिवार के अन्य सदस्य भी थे। नवगछिया स्टेशन पर प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। जहां नवगछिया के अलावे भागलपुर के कई न्यायिक पदाधिकारीयों, नवगछिया के प्रशासनिक पदाधिकारियों ने उन्हें फूलों का गुलदस्ता एवं बुके प्रदान कर स्वागत किया। मुख्य न्यायाधीश श्री मति दोसित की अगुवानी में के जिला जज प्रमोद बहादुर माथुर, रजिस्ट्रार सहाब कौशर, सीजेएम एनके त्रिपाठी, एसीजेएम बीके तिवारी, प्रोटोकॉल पदाधिकारी मो। शमशाद आजम, रेल मजिस्ट्रेट (दंडाधिकारी), भागलपुर नीरज बिहारी लाल, रेल दंडाधिकारी मानसी (खगडि़या) एसके पाण्डेय के अलावे नवगछिया के सीजेएम राधे कृष्णा, प्रोटोकाल पदाधिकारी प्रमोद कुमार सिंह, प्रभारी अपर लोक अभियोजक परमानन्द साह के साथ-साथ अनुमंडल पदाधिकारी सुशील कुमार, कार्यपालक दंडाधिकारी सुन्दरवास कुमारी की भी उपस्थिति देखी गयी। मुख्य न्यायाधीश दार्जिलिंग से देवघर जाने के क्रम में नवगछिया स्टेशन पर उतरी थी। जहां रेलवे द्वारा विशेष व्यवस्था के तहत अप ट्रेन को डाउन प्लेटफार्म पर लिया गया तथा सफाई की अच्छी व्यवस्था स्टेशन अधीक्षक द्वारा करायी गयी थी। मुख्य न्यायाधीश नवगछिया स्टेशन से सीधे भागलपुर सर्किट हाउस के लिए रवाना हो गयी। जहां रात्रि विश्राम के बाद देवघर के लिए रवाना होंगी।