नवगछिया: रंगरा प्रखंड अंतर्गत सरकारी मान्यता प्राप्त मॉडर्न वैभव पब्लिक स्कूल में शिक्षक दिवस का त्योहार बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष प्रवीण भगत एवं श्री महंत वैदेही शरण संस्कृत महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ बुद्धि प्रकाश ठाकुर उपस्थित हुए। विद्यालय प्रबंधन समिति द्वारा दोनों अतिथियों को अंग वस्त्र एवं बुके देकर सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान सभी ने मिलकर केक काटकर डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जन्मदिन मनाया और स्कूल के सभी शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। इस गरिमामयी समारोह के दौरान सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता "स्पार्क माइंड जीके चैलेंज" के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र विशाल कुमार को ₹5,000, द्वितीय स्थान पर रहे आदित्य कुमार को ₹2,500 एवं तृतीय स्थान पर रहे जय नंदन राज को ₹1,500 की नकद राशि व मैडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही, शिक्षक दिवस पर एक दिन के लिए शिक्षक बने छात्रों को 'बेस्ट टीचर अवार्ड' से नवाजा गया। इस अवार्ड को पाने वाले बच्चों में पल्लवी, पूजा, मयंक, तृषा, हर्ष चंद्रमुखी, सृष्टि, सौम्या और चीकू शामिल रहे। इस मौके पर निर्देशिका शिखा कुमारी, प्रधानाध्यापक शिक्षाविद विश्वास झा, सौरभ कुमार, आशीष कुमार, सत्यम कुमार, राजीव कुमार शर्मा, खुशी कुमारी एवं सपना पांडे भी उपस्थित रहे।