ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

तेतरी दुर्गा मंदिर में 17 अप्रैल को होगा 25 जोड़ों का निःशुल्क सामूहिक विवाह, अनाथ और दिव्यांग को प्राथमिकता

तेतरी दुर्गा मंदिर में 17 अप्रैल को होगा 25 जोड़ों का निःशुल्क सामूहिक विवाह, अनाथ और दिव्यांग को प्राथमिकता
राजेश कानोड़िया, नवगछिया: नवगछिया के प्रसिद्ध तेतरी दुर्गा मंदिर प्रांगण में 17 अप्रैल 2026 को नि:शुल्क सामूहिक विवाह महोत्सव के चतुर्थ संस्करण का आयोजन किया जाएगा। इसको लेकर आयोजकों ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत जानकारी दी। आयोजकों ने बताया कि पिछले तीन वर्षों से लगातार इस महोत्सव का सफल आयोजन किया जा रहा है, जिसमें अनाथ, दिव्यांग, आर्थिक रूप से कमजोर तथा अंतरजातीय विवाह को प्राथमिकता दी जाती रही है। इसी कड़ी में इस वर्ष भी कुल 25 जोड़ों का विवाह पूरी तरह से हिंदू रीति-रिवाज के साथ संपन्न कराया जाएगा।
कार्यक्रम संयोजक अनुज चौरसिया ने बताया कि इस बार भी नवगछिया पुलिस जिला के विभिन्न गांवों से लोगों का भरपूर सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इस संस्करण में चार दिव्यांग जोड़े, सात अनाथ तथा अन्य अत्यंत गरीब परिवारों के वर-वधू का रजिस्ट्रेशन किया गया है। उन्होंने बताया कि विवाह समारोह में सभी जोड़ों को नि:शुल्क विदाई दी जाएगी। इसके तहत शादी में लगने वाली सभी सामग्री, बारातियों के लिए भोजन व नाश्ता, श्रृंगार सामग्री, एक माह का राशन, बर्तन सेट, बड़ा बक्सा, बाल्टी सेट सहित अन्य घरेलू उपयोग की वस्तुएं दी जाएंगी।

स्वरोजगार पर विशेष जोर

इस विवाह महोत्सव की खास बात यह है कि प्रत्येक नवविवाहित जोड़े की वधू को स्वरोजगार के लिए एक-एक सिलाई मशीन भी प्रदान की जाएगी, ताकि वे शादी के बाद आत्मनिर्भर बन सकें।

11 जिलों के जोड़े होंगे शामिल

आयोजकों के अनुसार इस वर्ष भागलपुर, बांका, मुंगेर, पूर्णिया, सहरसा, मधेपुरा, खगड़िया, बेगूसराय, लखीसराय समेत करीब 11 जिलों से 25 जोड़ों ने रजिस्ट्रेशन कराया है।

समाज का मिल रहा व्यापक सहयोग

कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों का सहयोग मिल रहा है। लोग धनराशि, सामग्री और श्रमदान के रूप में योगदान दे रहे हैं। तेतरी गांव सहित नवगछिया अनुमंडल के विभिन्न गांवों के कार्यकर्ता आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं।

आयोजकों ने बताया कि इस महोत्सव की सबसे बड़ी विशेषता सामाजिक एकता है, जिसमें सभी वर्गों के लोग एकजुट होकर सेवा कार्य में लगे हैं।

सक्रिय कार्यकर्ता

विवाह महोत्सव को सफल बनाने में बबलू चौधरी, मुकेश राय, सुजीत कश्यप, बमबम झा, मितेश रंजन, पंकज सिंह, रोनित भूषण सिंह, कन्हैया जी, संतोष मेहता, शुभम झा, साजन सिंह, अर्जुन सिंह, अरविंद सिंह, राहुल शर्मा, रिचि रिचर्ड्स प्रभाकर, सोनू जायसवाल, कन्हैया झा,सुबोध सिंह, मिथुन कुमार, सुमित यादव, सुमन जी,साजन सिंह,भवेश कुमार, संतोष मेहता, शिवम् वत्स,संजीव कुमार, गौतम साहू सहित अन्य कार्यकर्ता सक्रिय रूप से लगे हुए हैं। आयोजन समिति ने चतुर्थ संस्करण को सफल बनाने के लिए समाज के सभी लोगों से सहयोग और आशीर्वाद की अपील की है।