ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

भागलपुर विश्वविद्यालय का युवा महोत्सव कार्यक्रम उत्कर्ष 2026 होगा सर्राफ कॉलेज नवगछिया में 2 एवं 3 अप्रैल को

भागलपुर विश्वविद्यालय का युवा महोत्सव कार्यक्रम उत्कर्ष 2026 होगा सर्राफ कॉलेज नवगछिया में 2 एवं 3 अप्रैल को
नवगछिया। तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालय सांस्कृतिक प्रतियोगिता सह युवा महोत्सव "उत्कर्ष 2026" का आयोजन नवगछिया स्थित बनारसी लाल सर्राफ वाणिज्य महाविद्यालय में 2 और 3 अप्रैल को परमहंस स्वामी आगमानंद जी महाराज की मौजूदगी में आयोजित होगा। जिसका उद्घाटन तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ विमलेंदु शेखर झा करेंगे। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्णिया विश्वविद्यालय के कुलपति तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में माननीय सदस्य गण शामिल होंगे। तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय द्वारा युवा महोत्सव का आयोजन 2005 के बाद इस बार किया जा रहा है। जिसमें भागलपुर विश्वविद्यालय अंतर्गत आने वाले सभी 40 महाविद्यालय की सांस्कृतिक टीम हिस्सा लेगी।

विश्वविद्यालय के सिंडिकेट सदस्य सह बनारसी लाल सर्राफ वाणिज्य महाविद्यालय के सचिव डॉ. मृत्युंजय सिंह गंगा ने उपरोक्त जानकारी देते हुए बताया कि इस महाविद्यालय को इतने महत्वपूर्ण आयोजन का दायित्व मिलना गर्व का विषय है। इस आयोजन की सफलता को लेकर सोमवार को महाविद्यालय सचिव डॉ मृत्युंजय कुमार सिंह गंगा की अध्यक्षता में आयोजन समिति का गठन किया गया। जिसमें महाविद्यालय के सभी शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मियों की सहभागिता को सुनिश्चित किया गया। इसके साथ ही कई उपसमिति भी बना कर सभी को दायित्व भी सौंपा गया। आयोजन की सफलता को लेकर स्वागत समिति, कार्यक्रम संचालन समिति, मंच संचालन समिति , सांस्कृतिक कार्यक्रम समिति, सुरक्षा समिति, बिजली, पानी, पार्किंग इत्यादि की मुकम्मल व्यवस्था की जिम्मेवारी महाविद्यालय के कर्मियों को सौंपी गई। इस मौके पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो दिनकर आचार्य, वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ अनिल कुमार मंडल, शिक्षक प्रतिनिधि प्रो अमरजीत सिंह, पूर्व शिक्षक प्रतिनिधि प्रो राजकिशोर सिंह, शिक्षक संघ अध्यक्ष प्रो अनिल यादव, नोडल पदाधिकारी डॉ खालिद महमूद, कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो विजय कुमार ठाकुर, डॉ आशीष कुमार सिंह, लेखापाल विनोदानंद मंडल, प्रधान लिपिक डोमन हरिजन मीडिया प्रभारी राजेश कानोड़िया सहित सभी शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मी मौजूद थे।