सेल्फ स्टडी कर वैष्णवी ने प्राप्त की उत्कृष्ट सफलता, विद्यालय में द्वितीय व छात्राओं में पाया प्रथम स्थान
स्मृति कुमारी, नवगछिया। नंद कुमार उच्च विद्यालय नगरह की छात्रा वैष्णवी कुमारी ने सेल्फ स्टडी के दम पर मैट्रिक परीक्षा में उत्कृष्ट सफलता हासिल कर मिसाल पेश की है। वैष्णवी ने बिना किसी ट्यूशन के केवल विद्यालय की पढ़ाई और स्वयं के प्रयास से 418 अंक प्राप्त कर विद्यालय में द्वितीय स्थान एवं छात्राओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
नगरह निवासी संतोष कुमार सिंह की पुत्री है वैष्णवी कुमारी। जिसने अपनी सफलता का श्रेय अपनी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अध्ययन को दिया है। वैष्णवी ने बताया कि उन्होंने पढ़ाई के लिए किसी प्रकार की कोचिंग का सहारा नहीं लिया, बल्कि स्कूल की पढ़ाई के साथ-साथ स्वयं अध्ययन कर यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के दौरान ऑनलाइन माध्यमों से भी आवश्यक जानकारी प्राप्त की और किताबों को अपना सबसे अच्छा मित्र बनाया। नियमित अभ्यास और समय के सदुपयोग के कारण ही उन्हें यह सफलता मिली। वैष्णवी आगे चलकर डॉक्टर बन कर समाज की सेवा करना चाहती है।
वैष्णवी की इस उपलब्धि से उनके परिवार, विद्यालय और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। शिक्षकों ने उनकी मेहनत और लगन की सराहना करते हुए इसे अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताया है। विद्यालय प्रबंधन ने भी वैष्णवी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है और कहा कि उनकी सफलता से अन्य छात्र-छात्राओं को भी आत्मनिर्भर होकर पढ़ाई करने की प्रेरणा मिलेगी।