ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

दुर्गा मंदिर सैदपुर में तीन दिवसीय श्री शिव प्राण प्रतिष्ठा समारोह एवं श्री राम कथा ज्ञान यज्ञ कार्यक्रम का हुआ शुभारंभ

दुर्गा मंदिर सैदपुर में तीन दिवसीय श्री शिव प्राण प्रतिष्ठा समारोह एवं श्री राम कथा ज्ञान यज्ञ कार्यक्रम का हुआ शुभारंभ


नवगछिया। सैदपुर स्थित श्री दुर्गा मंदिर परिसर में परमहंस स्वामी आगमानंद जी महाराज के सानिध्य में तीन दिवसीय श्री शिव प्राण प्रतिष्ठा समारोह एवं श्री राम कथा ज्ञान यज्ञ कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलवार को प्रातः 8 बजे से मंगल कलश शोभायात्रा के साथ हुआ। यह मंगल कलश शोभायात्रा सैदपुर गोपालपुर गांव में भ्रमण कर वापस मंदिर परिसर पहुंची। जहां 12 बजे मंडप प्रवेश के बाद संध्या 4 बजे कथा मंच का उद्घाटन परमहंस स्वामी आगमानंद जी महाराज के सानिध्य में दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दीप प्रज्वलन कार्यक्रम में श्रीशिवशक्ति योगपीठ नवगछिया के स्वामी शिव प्रेमानंद, स्वामी मानवानंद, स्वामी कुंदन बाबा सहित सभी स्वामीगण, आचार्यगण, स्थानीय गणमान्य लोगों के अलावा भागलपुर से पधारे स्वामी जीवनानंद, गीतकार कविवर राजकुमार इत्यादि शामिल थे। इससे पहले सभी प्रमुख आचार्य और स्वामी तथा अतिथि जनों का माला और अंग वस्त्र से सम्मान किया गया। आयोजन का संचालन मानस मर्मज्ञ पंडित प्रेम शंकर भारती ने किया।



इसके बाद परमहंस स्वामी आगमानंद जी महाराज द्वारा शाम 8 बजे तक श्रीराम कथा का आयोजन चलता रहा। इस दौरान स्वामी आगमानंद जी ने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के चरित्र पर रचित रामायण के बारे में कई महत्वपूर्ण जानकारी दी। इस क्रम में उन्होंने बताया कि रामायण और रामचरित मानस की रचना कई भाषाओं में कई विद्वानों द्वारा की गई है। लेकिन इसकी रचना में भगवान शिव की महिमा बहुत बड़ी है। जिनकी कृपा से ही सब रचना संभव हो पायी है।
इससे पहले अतिथि और गणमान्य लोगों के उद्गार भी व्यक्त किए गए तथा गीतकार कविवर राजकुमार ने दोहा स्वरूप कविता के माध्यम से दुर्गा मंदिर में शिव की महिमा के साथ साथ स्वामी आगमानंद जी के आध्यात्मिक गुणों का बखान किया। इसके बाद मशहूर कलाकारों के भजनों से कार्यक्रम में भजन गंगा बहती रही।
वहीं आयोजनकर्ताओं द्वारा बताया गया कि यह कार्यक्रम 3 दिवसीय है। जहां अगले दिन 28 जनवरी बुधवार को प्रथम चरण में देव पूजा तथा उत्तर चरण में 2 बजे से 4 बजे तक कलाकारों के भजन और संध्या 4 बजे से 7 बजे तक श्रीराम कथा का आयोजन होगा। इसके बाद शाम 7 बजे से मशहूर कलाकारों के भजन होंगे। आयोजन के तीसरे और अंतिम दिन प्रथम चरण में देव पूजन और शिव प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम होगा। इसके बाद उत्तर चरण में कलाकारों के भजन होंगे। संध्या चार बजे से 7 बजे तक श्रीराम कथा का आयोजन होगा इसके बाद 7 बजे से मसूर कलाकारों के भजन का कार्यक्रम होगा। अंतिम दिन ही परमहंस स्वामी आगमानंद जी महाराज द्वारा श्रद्धालुओं और शिष्यों को दीक्षा कार्यक्रम के तहत 12 बजे से आध्यात्मिक दीक्षा भी जाएगी।