नवगछिया: चैती दुर्गा मंदिर में मां दुर्गा की प्रतिमा हुई स्थापित, मेला आज से
राजेश कानोड़िया, नवगछिया। नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत शहीद टोला स्थित चैती दुर्गा मंदिर में वासंतिक नवरात्रि के सातवें दिन माता दुर्गा की प्रतिमा पूरे विधि विधान के साथ आचार्य पंडित अजीत बाबा के निर्देशानुसार स्थापित की गयी। प्राण-प्रतिष्ठा के बाद देर रात माता को सिंहासन पर विराजमान किया गया। जबकि देर शाम आयोजित संध्या आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। आयोजन समिति के अध्यक्ष संदीप गुप्ता ने जानकारी देते कहा कि विधि-विधान के साथ यहां पर माता की पूजा की जा रही है। शनिवार से ही यहां पर भव्य मेला का आयोजन किया जायेगा और नवमी पूजा के दिन कन्या पूजन तथा देवी जागरण का आयोजन किया जायेगा। दशमी तिथि को 10 बजे हवन का आयोजन किया जाएगा। आयोजन में संरक्षक उप सभापति के प्रतिनिधि अजय प्रमोद यादव, चंद्रगुप्त साह, डॉ सम्पत राय, डॉक्टर गोपाल भारती, अशोक, अविनाश, उपाध्यक्ष अनूप कुमार, सचिव अवनीश, सह सचिव रंजीत आदि की भी भागीदारी रही।