BHAGALPUR: महिला थाने में पुलिस ने करायी प्रेमी-युगल की शादी, फूल बरसा कर दिया आशीर्वाद
NAVBIHAR, BHAGALPUR: बिहार के पुलिस जिला नवगछिया अंतर्गत महिला थाने में पुलिसवालों ने शुक्रवार को एक प्रेमी-युगल की शादी करवाई। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने दोनों पर फूल बरसाए। मौके पर मौजूद थानाध्यक्ष व अन्य पुलिस कर्मियों ने वर-वधू को आशीर्वाद भी दिया। शादी के बाद लड़की अपने ससुराल विदा हो गयी।
बताया जाता है कि पुलिस जिला नवगछिया के खरीक थाना क्षेत्र अंतर्गत गोट खरीक की रहने वाली लड़की है मुस्कान कुमारी है। जबकि इसी थाना क्षेत्र के गणेशपुर का लड़का है मनीष कुमार । मुस्कान और मनीष के बीच पिछले दो साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों ने संग जीने और मरने की कसमे खा रखी थी। मनीष और मुस्कान दोनों शादी करने ही वाले थे कि इस बात की जानकारी मनीष के परिजनों को लग गयी। जब परिजन शादी के लिए तैयार नहीं हुए तब दोनों शादी की जिद्द पर अड़ गये।
लड़की आवेदन लेकर थाने पहुंच गयी और प्रेमी से शादी करने की बात कहने लगी। लड़का भी थाने पहुंच गया। जिसके बाद दोनों के परिजनों को थाने पर बुलाया गया। पुलिस वालों ने परिजनों को बताया कि लड़की और लड़की दोनों बालिग है, दोनों शादी करना चाहते है। आप लोगों की रजामंदी चाहते हैं। पुलिस के समझाने के बाद दोनों के परिजन शादी के लिए राजी हुए।
जिसके बाद थाने में ही दोनों प्रेमी जोड़े की शादी पुलिस वालों के सामने हिन्दू रीति-रिवाज के साथ करवाई गयी। प्रेमी जोड़े शादी के बंधन से बंध गये। दोनों वर-वधू को वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने आशीर्वाद दिया और लड़की को ससुराल विदा किया। शादी के बाद दोनों काफी खुश हैं और पुलिस वालों को धन्यवाद दे रहे हैं।