सिपाही ने एसपी से कहा - सर थानेदार मेरी फरियाद नहीं सुनते, आप ही दबंगों से मेरी ट्रेक्टर छुड़वा दीजिए
नवगछिया। रंगरा थाना क्षेत्र के भवानीपुर निवासी होमगार्ड जवान निरंजन यादव ने जबरदस्ती ट्रैक्टर छीन कर ले जाने के मामले में शनिवार को नवगछिया एसपी से मिले। उन्होंने एसपी सुशांत कुमार सरोज से कहा कि साहब थानेदार मेरी फरियाद नहीं सुन रहे हैं। आप मेरा ट्रैक्टर दबंगों के कब्जे से छुड़वा दीजिए।
बताते चलें कि निरंजन यादव नवगछिया पुलिस लाइन में होमगार्ड के पद पर कार्यरत है। उन्होंने एसपी को दिए आवेदन में कहा है कि मेरा ट्रैक्टर 13 फरवरी को नवगछिया रैक प्वांइट से नमक लोड करके खगड़िया के लिए गया था। खगड़िया से लौटने के दौरान नवगछिया के मां कामाख्या पेट्रोल पंप के पास से मेरी गाड़ी संख्या- BR-34-9995 तथा डाला संख्या- 0112 को तथा ड्राइवर को बंधक बनाकर ले गए। दूसरे दिन ड्राइवर घर आया तो हमने पूछा गाड़ी कहां है, तो ड्राइवर ने बताया कि अज्ञात लोगों ने गाड़ी लूट ली। पता करने पर मालूम हुआ की गाड़ी नवादा के रघुवंश यादव व रुदल यादव ले गए हैं। हम वहां जाकर जब गाड़ी मांगे तो उन्होंने लौटाने से इनकार करते हुए कहा कि डेढ़ लाख रुपए दो तब गाड़ी देंगे। इस क्रम में आपका नवगछिया थाना भी गया और मामले की जानकारी दी, लेकिन अबतक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। निरंजन यादव ने कहा कि कई बार हम थाना गए लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। दो दिन पूर्व भी हम थाना गए तो थाना प्रभारी ने डांट कर भगा दिया। इसके बाद मैं वहीं पर बेहोश होकर गिर गया। लोगों ने मुझे अस्पताल में भर्ती कराया।
थाना प्रभारी को कार्रवाई का दिया गया है निर्देश: एसपी
इस मामले के संबंध में पूछे जाने पर एसपी सुशांत कुमार सरोज ने बताया कि पैसे को लेकर दोनों के बीच विवाद है। इसी विवाद में होमगार्ड जवान का ट्रैक्टर रख लिया है। हमने थाना प्रभारी को तत्काल कार्रवाई करने का आदेश दिया है। जल्द ही होमगार्ड जवान का ट्रैक्टर छुड़ाया जाएगा।