लोन दिलाने का झांसा देकर दर्जनों लोगों से की लाखों की ठगी
नवगछिया | बिहार के पुलिस जिला नवगछिया में एनएच 31 स्थित कामाख्या पेट्रोल पंप के पास एक मकान में जालसाजों ने आसपास के कई गांव के लोगों को लोन दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने के बाद फरार हो गए। जालसाजों ने 26 फरवरी को लोन देने की घोषणा की थी, लेकिन एक दिन पहले सभी भाग गए। कार्यालय में होर्डिंग और कुछ रजिस्टर के अलावा कुछ नहीं है। इसकी जानकारी मिलते ही कई पीड़ितों ने उक्त कार्यालय पहुंच कर मामले की जानकारी मकान मालिक को दी। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पीड़ितों में अधिकांश लोग रंगरा के मुरली चंद्रखरा, खरीक के मीरजाफरी, तुलसीपुर, बिहपुर के गौरीपुर, नवगछिया के खगड़ा गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पीड़ित चंद्रखरा निवासी अशोक मंडल, शांति देवी, मीरजाफरी की पिंकी देवी, लाल मोहम्मद ने बताया कि पहले ही उनलोगों के गांव में कुछ युवक पहुंचे और स्वयं सहायता समूह बनाने के बाद ऋण देने का प्रलोभन दिया। कहा गया कि जन अंबर निधि लि नाम की एक कंपनी है जिसका कार्यालय नवगछिया में हैं। फिर कई गांवों में महिलाओं और पुरुषों का समूह बनाया। एक समूह में 15 से 20 सदस्यों को जोड़ा। खाता खोलने के नाम पर प्रत्येक सदस्य से 1200 रुपए लिए। पीड़ितों मानें तो 15 से 20 लाख की ठगी की गई है। पीड़ितों ने बताया कि उन लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी है। पीड़ितों ने बताया कि जालसाजों में एक लड़की और तीन पुरुष शामिल थे।