राजेश कानोडिया, नवगछिया। नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुमताज मुहल्ला के पीछे स्थित न्यू प्रोफेसर कॉलोनी एरिया में आम लोगों की सूचना पर पहुंची नवगछिया पुलिस ने एक वाणी दिव्यांग ( गूंगा ) बच्चा सहित आरोपित बच्चा चोर को हिरासत में लिया है। बच्चा चोर का नाम मो आलम बताया जा रहा है। वहीं गूंगे बच्चे के नाम का पता नहीं चल रहा था। जो मनियामोर इलाके का बताया जा रहा था। जिसे बच्चा चोर ने एक बोरी में करके कमरे में बंद कर रखा था। वहीं लोगों के अनुसार इस बच्चा चोर ने तीन बच्चों को चुराकर लाया था। मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा एक धारदार हथियार, रस्सी बोरी भी बरामद करने की बात बताई जा रही है। आशंका व्यक्त की जा रही है कि दो बच्चों को इस बच्चा चोर ने लापता कर दिया है।
बहरहाल नवगछिया पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दिव्यांग बालक मनियामोर के मोदी साह का चौदह वर्षीय पुत्र डिंपल कुमार है। बालक की मां के लिखित बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपित मुमताज मुहल्ला का मो आलम है। जो गिरफ्तारी के बाद से लगातार चुप है।उसने किस मकसद से अपहरण किया कुछ बता नहीं रहा है। वहीं बालक के परिजनों ने बताया कि शनिवार को देर शाम डिंपल भोज खाने के लिए मोहल्ले में ही गया था। लौटने के वक्त उसका अपहरण कर लिया गया। खोजबीन के बाद मुमताज मोहल्ले में बच्चे के होने की बात सामने आई तो परिजनों ने इसकी सूचना 112 नंबर की पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बालक को कब्जे में लिया और आरोपित को हिरासत में ले लिया है। मौके पर पहुंची पुलिस को 112 नंबर की पुलिस ने बच्चे और आरोपित को सुपुर्द कर दिया।