नवगछिया थानाध्यक्ष के खिलाफ पसराहा के दारोगा ने डीआईजी से की लिखित शिकायत
नवगछिया। पुलिस जिला नवगछिया अंतर्गत आदर्श थाना नवगछिया के थानाध्यक्ष के खिलाफ खगड़िया जिले के पसराहा में पदस्थापित नवगछिया निवासी दारोगा चंदन झा ने डीआईजी से लिखित शिकायत की है। डीआईजी को दिये आवेदन में दारोगा ने नवगछिया थानेदार पर आरोप लगाया कि उनके घर का ताला तोड़कर सामान आदि कब्जाने वाले खिलाफ न तो मुकदमा दर्ज कर रहे हैं और उल्टे जब मैं मिलने गया तो उन्होंने खदेड़ दिया। गौरतलब है कि इसी पीड़ित दारोगा के मीडियाकर्मी बेटे साकेत कुमार की साल 2019 में विक्रमशिला पुल पर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी थी।
डीआईजी से शनिवार को मिले पीड़ित दारोगा चंदन कुमार झा ने अपने लिखित आवेदन के जरिये बताया कि वह खगड़िया जिले पसराहा थाने में बतौर दारोगा पदास्थापित हैं और वह नवगछिया थानाक्षेत्र के सिमड़ा गांव का निवासी है। उन्होंने बताया कि वे चार मई को जब वे अपने घर पर पहुंचे तो पाया कि उनके कमरे का ताला तोड़कर सारा कीमती सामान गांव के ही एक व्यक्ति द्वारा इस्तेमाल किया जा रहा है। यहां तक कि उसने उसके घर की दीवार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया है। मुकदमा दर्ज कराने के लिए उन्होंने चार मई को ही नवगछिया थाने में आवेदन दिया। कार्रवाई का आश्वासन तो नवगछिया पुलिस ने दिया, लेकिन आरोपी के खिलाफ मुकदमा तक दर्ज नहीं किया।
दारोगा ने बताया कि इसी सिलसिले में वे जब 19 मई को नवगछिया थानाध्यक्ष से मिले तो थानेदार ने उनके साथ बुरा बर्ताव करते हुए कहा कि जहां जाना हो जाओ, किसी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं होगी। आवेदन मिलने के बाद डीआईजी ने एसपी नवगछिया को इस मामले में आवश्यक कार्रवाई करने का आदेश दिया।