आपसी विवाद में हुई जमकर मारपीट, वृद्ध व महिला सहित तीन घायल
पुलिस जिला नवगछिया अंतर्गत रंगरा थाना क्षेत्र के भवानीपुर में गुरुवार को दो पक्षों के आपसी विवाद में जमकर मारपीट हुई। इस दौरान लाठी-डंडे भी चले। इस मारपीट में एक पक्ष के वयोवृद्ध 76 वर्षीय पुरुषोत्तम चौधरी सहित पति-पत्नी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। पुरुषोत्तम चौधरी के सिर पर लाठी से प्रहार किया गया है, जिससे उनका सिर फट गया। जबकि महिला संगीता कुमारी और उनके पति अमरदीप कुमार के हाथ-पाँव और शरीर के अन्य हिस्सों पर गहरे जख्म हैं।
सूचना पर पहुंची रंगरा थाना पुलिस ने सभी घायलों को ईलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने सभी का ईलाज किया। वहीं गंभीर रूप से जख्मी पुरुषोत्तम चौधरी को बेहतर ईलाज के लिए मायागंज स्थित जेएलएनएमसीएच मेडिकल अस्पताल भागलपुर भेज रेफर कर दिया गया।
मामले को लेकर पीड़िता संगीता कुमारी ने रंगरा थाना में मारपीट की प्राथमिकी दर्ज कराई है। आवेदन में पीड़िता ने पड़ोस के ही किरण देवी, प्रतिभा कुमारी, तिलक चौधरी, मंटू चौधरी को नामजद किया है। इस बारे रंगरा थानाध्यक्ष महताब खान ने बताया कि पारिवारिक आपसी विवाद में मारपीट हुई है। मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।