ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

नवगछिया में मुखिया प्रत्याशी को मारी गई गोली, मायागंज में है इलाजरत

नवगछिया में मुखिया प्रत्याशी को मारी गई गोली, मायागंज में है इलाजरत


नव-बिहार समाचार, रंगरा (नवगछिया): बिहार के पुलिस जिला नवगछिया अंतर्गत रंगरा सहायक थाना क्षेत्र के मुरली गांव में मंगलवार की रात अपराधियों ने मुखिया पद के  उम्मीदवार अभिषेक कुमार उर्फ छोटू को उस समय गोली मारना शुरू कर दिया जब वह क्षेत्र से अपना चुनाव प्रचार कर वापस घर लौट रहा था। गोली लगते ही मुखिया प्रत्याशी छोटू गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में उसे नवगछिया अनुमंडल अस्पताल लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए भागलपुर स्थित जेएलएनएमसीएच मायागंज रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही पहुंची रंगरा सहायक थाना की पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।

मिली जानकारी के मुताबिक, पंचायत चुनाव में मुखिया के पद के उम्मीदवार अभिषेक कुमार उर्फ छोटू (28) चुनाव प्रचार कर अपने सहयोगियों के साथ रात में घर लौट रहे थे। तभी घर के पासपहले से घात लगाये बैठे अपराधियों ने उनके ऊपर चार राउंड फायरिंग की। जिसमें दो गोली उन्हें लग गयी। गोली लगने से वह घायल होकर गिर गये और अपराधी मौके से फरार भी हो गये। जिसके बाद उन्हों स्थानीय लोगों और उनके सहयोगियों की मदद से इलाज के लिए अस्पताल लाया गया। घटना का कारण पुरानी रंजिश बताया जा रहा है। करीब 3 वर्ष पहले अपराधियों ने अभिषेक के पिता डीलर तारणी प्रसाद सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में मुख्य आरोपी देवेंद्र सिंह अभी जेल में ही है। 

मृतक के परिजनों का कहना है कि देवेंद्र सिंह के पुत्रों और उसके समर्थकों ने मिलकर घटना को अंजाम दिया है। परिजनों के अनुसार मुरली पंचायत का कुछ हिस्सा रंगरा गांव में है। अभिषेक सहित कुल 4 लोग चुनाव प्रचार करने चार चक्का वाहन से रंगरा गए हुए थे। वहां से आने के क्रम में गांव की सड़क पर काफी पानी जमा रहने के कारण चारों लोग चार चक्का वाहन से उतरकर पैदल अपने घर की ओर आ रहे थे। तभी गंगा प्रसाद सिंह के घर के पास छुपे अपराधियों ने जानलेवा हमला बोल दिया। इधर रंगरा सहायक थाना के थानाध्यक्ष मेहताब खान के अनुसार मुखिया उम्मीदवार अभिषेक कुमार अभी खतरे से बाहर हैं, मामले की छानबीन जारी है।