राजेश कानोडिया, नवगछिया। बिहार विधान सभा चुनाव के दूसरे चरण में 3 नवंबर को गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र में भी चुनाव होना है। इसे लेकर विभिन्न पार्टियों द्वारा पूरे गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल आठ चुनावी सभाएं आयोजित की गई, लेकिन सभी की सभी चुनावी सभा ग्रामीण क्षेत्रों में ही की गई। जबकि गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रमुख शहरी क्षेत्र नवगछिया है। यहां भी कई बड़े मैदान हैं। जहां इससे पहले हर चुनाव में चुनावी सभाएं होती रही है।
इस बार के चुनाव के दौरान नवगछिया शहरी क्षेत्र में एक भी चुनावी सभा का नहीं होना नवगछिया का दुर्भाग्य दर्शाता है। जबकि नवगछिया शहरी क्षेत्र में भी मतदाताओं की संख्या कम नहीं है। इसे लेकर नवगछिया शहरी क्षेत्र के मतदाताओं में भारी मलाल है। मुख्यमंत्री तक की चुनावी सभा भी गांव में ही कराई गई, जबकि एनडीए की इस क्षेत्र में चार चुनावी सभाएं हुई। सभी सभाएं गांव में ही कराई गई। वहीं लोजपा की दो चुनावी सभा तथा राजद और जन अधिकार पार्टी की एक एक चुनावी सभा हुई। ये सभी सभाएं भी गांव में ही कराई गई। इस बार के चुनाव में नवगछिया शहरी क्षेत्र के मतदाताओं को प्रत्याशियों के रोड शो से ही संतोष करना पड़ा है। कारण कि अब चुनावी सभा करने का समय भी समाप्त हो चुका है।